चम्पावत में आरएसएस ने शहीद सैनिकों की वीर नारियों व पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित


चम्पावत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चम्पावत नगर की ओर से शौर्य दिवस के उपलक्ष्य में सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें शहीदों की वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। वायु सेना से सेवानिवृत्त स्क्वार्डन लीडर मोहन शर्मा ने अध्यक्षता करते हुए भारतीय सेना की शौर्य गाथा को ऐतिहासिक बताया। कहा कि सेना ने हर मोर्चे पर खुद को साबित किया है। मुख्य वक्ता आरएसएस के जिला शारीरिक प्रमुख कमल किशोर खर्कवाल ने कहा कि भारतीय शिक्षा प्रणाली में विदेशी आक्रांताओं का महिमा मंडन किया गया है। जबकि इस देश में वीर सपूतों ने प्राचीनकाल से ही अपने प्राणों की आहूति दी है। हमें समाज को सही जानकारी देने की आवश्कता है। सर्जिकल स्ट्राइक को नकारना देश की सेना का अपमान करना है। विशिष्ट अतिथि कर्नल सुरेश अधिकारी ने कहा कि भारतीय सेना ने सदैव पराक्रम का परिचय देते हुए देश का नाम उंचा किया है। उन्होंने सेना की शौर्य गाथा के बारे में बताया। कारगिल योद्धा दान सिंह मेहता ने कारगिल युद्ध के दौरान का घटनाक्रम साझा किया। केडी उप्रेती ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थिति में देश की रक्षा करने वाले सेना के जवानों पर हमें फर्क है। इस दौरान शहीद राहुल रैंसवाल की पत्नी पिंकी रैंसवाल, शहीद शिरोमणि चिलकोटी की पत्नी मंदोदरी चिलकोटी और शहीद जगत सिंह मौनी की धर्मपत्नी बची देवी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही पूर्व सैनिक दान सिंह मेहता, चन्दन सिंह माहरा, केदार सिंह तड़ागी, बीडी शर्मा, जगन्नाथ गोस्वामी, हरीश चन्द्र नरियाल, जयदत्त शर्मा, नाथ सिंह देव, शेर सिंह रावत, दीवान सिंह बिष्ट, मदन पाटनी को भी सम्मानित किया। संचालन राजेन्द्र गहतोड़ी ने किया। कार्यक्रम में आरएसएस के तहसील प्रचारक नवीन, नगर संघ चालक बची सिंह पुजारी, नगर कार्यवाह संजय पांडेय, गंगा खाती, लोकमणि पंत, उद्योग व्यापार मंडल के जिला महामंत्री सतीश जोशी, एनडी गड़कोटी, व्यापार संघ अध्यक्ष विजय चौधरी, नवल जोशी, बहादुर फर्त्याल, चन्द्रप्रकाश पुनेठा, रमेश गिरी, मोहित पांडेय, गिरीश जोशी, कैलाश अधिकारी, गौरव पांडेय, सुभाष जोशी, ललित देउपा, विकास गिरी, रघुराज, रवि, किशोर शर्मा, कमल रावत, मनीष जोशी, गौरव महराना आदि मौजूद रहे।



