पिथौरागढ़ में किराएदारों से कमरा खाली करने को कहा तो मकान मालकिन को उतार दिया मौत के घाट, आरोपी फरार
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के वड्डा क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि गला दबाकर महिला की हत्या की गई है। महिला कुछ दिन पूर्व ही दिल्ली से पिथौरागढ़ आई थी। किन कारणों से महिला की हत्या की गई फिलहाल इन कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले के खुलासे के लिए टीम गठित कर दी है।
पिथौरागढ़ जिले के वड्डा चौकी क्षेत्र में 65 वर्षीय माधवी देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश चंद्र चिलकोटी लंबे समय से गाजियाबाद स्थित फ्लैट में रहती थीं। उनका बेटा इंग्लैंड में रहता है। रमेश चिलकोटी पूर्व फौजी थे, जो सेवानिवृत्ति के बाद गाजियाबाद में बस गए थे। माधुवी दीपावली पर्व के दौरान अपने मकान की साफ-सफाई और रंग रोगन करवाने यहां आई थीं। रविवार सुबह उनका शव बिस्तर में पड़ा देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

बिहार और नेपाल के किराएदार रहते थे
उनके तीन मंजिले मकान में एक नेपाल और एक बिहार का किराएदार रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व ही माधुवी ने दोनों किराएदारों से कमरा खाली करने को कहा था। इसी बीच उनकी हत्या हो गई। शक की सुई दोनों किराएदारों पर घूम रही है।
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी
घटना के बाद से दोनों किराएदार फरार चल रहे हैं। उन दोनों पर ही हत्या का शक गहरा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ाते हुए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। जाजरदेवल के एसओ प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला घोंटकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
वड्डा में महिला की हत्या हुई है। जांच में एक नेपाली युवक सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। लोकेश्वर सिंह, एसपी पिथौरागढ़
