जनपद चम्पावतनवीनतम

आने वाले दिनों में चम्पावत कलक्ट्रेट की बदलेगी तस्वीर, सीएम धामी ने कहा- कुमाऊंनी शैली में होगा पुनर्निर्माण

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री धामी चम्पावत के घटोत्कच महोत्सव में हुए शामिल, चम्पावत क्षेत्र के विकास को की कई घोषणाएं

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चम्पावत के तल्ली चौकी स्थित श्री घटोत्कच मंदिर पहुंच कर आयोजित घटोत्कच महोत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने घटकू महाराज की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और पूरे प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की और पूरे प्रदेश में अपनी दया दृष्टि बनाए रखने के लिए प्रार्थना की। सीएम ने इस दौरान क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं कीं। साथ ही घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक तहसील को राजस्व कार्यों के संपादन के लिए ढ़ाई—ढ़ाई लाख का फंड उपलब्ध कराया जाएगा।


घटकू महाराज (घटोत्कच) को शीश झुकाकर कोटि कोटि दंडवत प्रणाम करते हुए मुख्यमंत्री ने भारी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा ‘मैं सौभाग्यशाली हूं कि घटोत्कच महाराज के बुलावे से ही आज आप लोगों के बीच उपस्थित हूं और राज्य की सेवा कर रहा हूँ। चम्पावत की इस पावन भूमि, घटकू महाराज के आशीर्वाद से तथा यहां की देवतुल्य जनता का मैं हमेशा ऋणी रहूंगा। जिस तरह आप लोगों ने मुझे अपना रिकॉर्ड सहयोग दिया, उसके लिए चम्पावत का नाम पूरे भारतवर्ष में प्रसिद्ध हो गया। उन्होंने कहा कि मानस खण्ड सहित विभिन्न ग्रंथों में चम्पावत एक विशिष्ट आध्यात्मिक क्षेत्र में जाना जाता है। यहां अनेक देवी देवता विराजमान हैं, जो हमारी हमेशा रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत के साथ ही पूरे प्रदेश में विभिन्न मेले, महोत्सव मनाए जाते हैं जो पहाड़ की मूल संस्कृति को जीवित रखते हैं और इसी कारण से हमारा यह परिवेश पूरे देश में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा आप लोगों के सहयोग के लिए तत्पर एवं संकल्प बद्ध रहते हुए क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रही है। साथ ही चम्पावत को आदर्श जिला बनाने हेतु विकास के नए नए काम किए जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि मैं इस क्षेत्र के विकास के प्रति संकल्पित हूं और मन, वचन, कर्म से हर प्रकार से सेवा के लिए तत्पर रहूंगा।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि घटोत्कच मंदिर की चहारदिवारी एवं दो कक्षों का निर्माण एवं मंदिर का कुमाऊँ शैली में सौन्दर्यीकरण किया जाएगा। घटोत्कच मंदिर स्थल को सौंज हिडिम्बा मंदिर होते हुए गौड़ी सड़क तक लगभग 2.5 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। घटोत्कच मंदिर से झाली-माली मंदिर तक 1700 मीटर सड़क का डामरीकरण किया जाएगा। हिडिम्बा मन्दिर के निकट खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा। घटोत्कच मंदिर गेट से कैप्टन बिंदु सिंह के घर तक अवशेष सीसी मार्ग का निर्माण किया जाएगा। सीएम ने इस दौरान घोषणा की कि प्रदेश की प्रत्येक तहसील को राजस्व कार्यों के संपादन के लिए ढ़ाई—ढ़ाई लाख का फंड उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रान्तीय खण्ड लोनिवि चम्पावत अन्तर्गत बनलेख-ललुवापानी मोटर मार्ग को राजमार्ग किए जाने की घोषणा की गई। क्रांतेश्वर आदि ट्रैक रुट्स पर साइनेजज लगाए जाएंगे। चम्पावत बाजार से गोरलचौड़ मैदान की ओर जाने वाले मोटर मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। जिला मुख्यालय में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अन्तर्गत आपदा प्रशिक्षण केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही जिला मुख्यालय में बहुउदेशीय आपदा राहत केन्द्र का निर्माण किया जाएगा। कलक्ट्रेट चम्पावत का कुमाऊँनी शैली में पुर्ननिर्माण किया जाएगा।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा घटोत्कच स्मारिका भाग-2 का भी विमोचन भी किया। इस मौके पर अध्यक्ष वन विकास निगम कैलाश चन्द्र गहतोड़ी, अध्यक्ष जिला पंचायत ज्योति राय, पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह महरा, अध्यक्ष नगर पालिका चम्पावत विजय वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पाटी सुमन लता, बाराकोट विनीता फ़र्त्याल, चम्पावत रेखा देवी, अध्यक्ष मंदिर समिति मनमोहन सिंह बोहरा, जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा, मुख्य विकास अधिकारी आरएस रावत, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी रिंकु बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गोविन्द सामन्त, नरेंद्र लडवाल, हरगोविंद बोहरा, मंदिर समिति के सदस्य, क्षेत्रीय जनता आदि उपस्थित रहे। इससे पूर्व जनपद आगमन पर जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी द्वारा हैलीपैड में मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस मौके पर तमाम भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Ad