चम्पावत : जंगली जानवरों से प्रभावित इलाकों को चिन्हित करने के निर्देश
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जंगली जानवरों के वनों के नजदीक वाली ग्राम पंचायत क्षेत्रों में घुसने पर काबू करने के लिए गाइड लाइन जारी की है। चम्पावत जिले के सभी चारों खंड विकास अधिकारियों को ऐसे संवेदनशील स्थलों की पहचान करने के लिए कहा गया है, जहां जंगली जानवरों के हमले और नुकसान की घटनाएं अधिक होती हैं।
पिछले कुछ समय से चम्पावत जिले के कई ग्रामीण आबादी वाले हिस्सों के आसपास जंगली जानवर दस्तक दे रहे हैं। लोहाघाट क्षेत्र के मंगोली के जंगल में पिछले माह एक ग्रामीण को तेंदुए ने मार डाला था। इसके अलावा बाराकोट के तड़ाग क्षेत्र में भालू व तेंदुए की लगातार दस्तक बनी हुई है।
इसके मद्देनजर पंचायतों के आबादी से लगे क्षेत्रों में जंगली जानवरों के प्रवेश को नियंत्रित करने और भविष्य में जानवरों द्वारा हमलों की घटनाओं को कम से कम करने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार ने जिला पंचायतराज अधिकारी और सभी खंड विकास अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कहा गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्रों में ऐसे सभी संवेदनशील एवं प्रभावित स्थलों का चिन्हांकन किया जाए, जहां जंगली जानवरों के आवागमन, हमले अथवा नुकसान की घटनाएं अधिक देखने में आती हैं।

