खेलनवीनतम

आईपीएल 2022 # महेंद्र सिंह धोनी ने क्यों छोड़ी चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी? सीएसके के सीईओ ने बताया कारण

ख़बर शेयर करें -
महेंद्र सिंह धोनी व रवींद्र जडेजा फोटो : सोशल मीडिया

चेन्नई सुपरकिंग्स के इतिहास में गुरुवार (24 मार्च) को बड़ा बदलाव देखने को मिला। उसने पहली बार पूर्णकालिक कप्तान को बदला है। दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ दी है। फ्रेंचाइजी ने रवींद्र जडेजा को टीम का नया कप्तान बनाया है। धोनी आईपीएल के पहले सीजन टीम के कप्तान थे। उनके फैसले पर चेन्नई के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी हमेशा टीम के हित में फैसला लेते हैं। सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने गुरुवार को एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि धोनी हमेशा कोई भी निर्णय लेने से पहले फ्रेंचाइजी के हितों को ध्यान में रखते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जडेजा के पास धोनी एक मार्गदर्शक के रूप में होंगे। यह एक अच्छे संयोजन के रूप में काम करेगा। धोनी 2008 से फ्रेंचाइजी के कप्तान थे।
काशी विश्वनाथन ने कहा, “यह एक निर्णय है जो उसने सीएसके के सर्वोत्तम हित को देखते हुए लिया गया है। धोनी जो कुछ भी करते हैं, वह सीएसके के हितों को ध्यान में रखते हैं। वह जो भी निर्णय लेते हैं उससे हम खुश हैं। वह रवींद्र जडेजा को कप्तानी सौंप रहे हैं। वे टीम के साथ खेलेंगे इसलिए दोनों के बीच बेहतर तालमेल होगा।” जडेजा को सीएसके का कप्तान बनाए जाने के बारे में बात करते हुए काशी विश्वनाथ ने कहा, “रवींद्र जडेजा शायद इस समय सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर हैं। वह टीम के साथ रहे हैं और टीम की संस्कृति को जानते हैं। वह कमान संभालने में सक्षम हैं।” रवींद्र जडेजा 2012 से फ्रेंचाइजी के साथ हैं। वे आईपीएल में 200 मैच खेल चुके हैं। ऐसे में जडेजा के पास अनुभव की कमी नहीं हैं। धोनी के रहते हुए वे कप्तानी को निखार सकते हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स 2020 को छोड़कर हर बार प्लेऑफ में पहुंची। उन्होंने 204 मैचों में चेन्नई की कप्तानी की और 121 में जीते। 82 मुकाबलों में हार मिली। एक मैच में नतीजा नहीं निकला। उन्होंने टीम को चार बार आईपीएल में और दो बार चैंपियंस लीग टी20 में चैंपियन बनाया। इस बार आईपीएल में चेन्नई का पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स से 26 मार्च को होगा।

चेन्नई सुपरकिंग्स टीम: रवींद्र जडेजा (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी, मोईन अली, ऋतुराज गायकवाड़, रवींद्र जडेजा, अंबाती रायुडू, ड्वेन ब्रावो, रॉबिन उथप्पा, दीपक चाहर, केएम आसिफ, तुषार देशपांडे, शिवम दुबे, महीश तीक्ष्णा, राजवर्धन हंगरगेकर, सिमरजीत सिंह, डेवोन कॉनवे, ड्वेन प्रिटोरियस, मिचेल सैंटनर, एडम मिल्ने, सुभ्रांसु सेनापति, मुकेश चौधरी, प्रशांत सोलंकी, सी हरि निशांत, एन जगदीशन, क्रिस जॉर्डन, के भगत वर्मा।

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड