खेलते समय मासूम पर गिरा लोहे का गेट, 5 साल की बच्ची की मौत
हल्द्वानी। कालाढूंगी के वार्ड नंबर सात में रविवार को खेलते समय एक पांच साल की बच्ची की जान चली गई। बच्ची पर एक लोहे का गेट गिर गया था। यह हादसा घर के आंगन में हुआ। जिसके बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, विक्रम सिंह अधिकारी की बेटी हस्मिता अधिकारी उर्फ गौरी सुबह करीब 10 बजे घर के आंगन में खेल रही थी। खेलते समय वह लोहे के स्लाइडिंग गेट पर लटक गई। इसी दौरान गेट अपने ट्रैक से निकल गया और सीधे बच्ची के ऊपर आ गिरा। हादसे में गौरी के सिर पर गहरी चोट आई। परिवार के लोग तुरंत उसे कालाढूंगी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। जिस आंगन में कुछ देर पहले बच्ची खेल रही थी, वहीं अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और आसपास के लोग भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता रामनगर गैस एजेंसी में संविदा पर कार्यरत हैं। इस असामयिक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और सभी ने इस दुखद घटना पर शोक जताया।

