गोवा अग्निकांड में उजड़ गया अल्मोड़ा का जोशी परिवार, पहली बार गोवा की यात्रा बन गई अंतिम यात्रा
पहले पत्नी को बचाया, फिर सालियों और भाभी के साथ युवक की भी ना बच सकी जिंदगी, परिजनों मे मचा कोहराम...
अल्मोड़ा। गोवा के मशहूर नाइट क्लब में बीते शनिवार की रात बॉलीवुड बैंगर नाइट के दौरान भीषण अग्निकांड मे उत्तराखंड के एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदगी चली गई। इस घटना के बारे मे जिस किसी ने भी सुना उसके रोंगटे खड़े हो गए वहीं पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के बग्वालीपोखर के मल्ला बाड़ी गांव के निवासी विनोद कुमार कबडवाल अपनी पत्नी भावना, भाभी कमला और दो सालियों अनीता जोशी व सरोज जोशी के साथ गोवा घूमने के लिए गए थे। नाइट क्लब में जब आग लगी तो भावना के अलावा परिवार के अन्य सदस्यों को बचने का मौका नहीं मिल पाया। जिसके कारण उनकी आग मे झुलस कर मौत हो गई। भावना अपनों को खोने के बाद से बेहद सदमे में है। जिसका रो रो कर बुरा हाल है। दरअसल अग्निकांड का शिकार हुआ विनोद का परिवार वर्तमान में दिल्ली गाजियाबाद का निवासी था, जबकि वर्तमान में विनोद के परिवार के लोग भी दिल्ली की अलग अलग जगह के निवासी थे। उनके भाई नवीन और भाभी कमला सादतपुर एक्सटेंशन की गली नंबर-15 में रहते हैं। जबकि उनकी दोनों सालियां अनीता व सरोज रोहिणी में रहती थीं।

बताया जा रहा है कि फाइनेंस का काम करने वाला विनोद अपनी पत्नी भावना व 2 सालियों और भाभी को लेकर शुक्रवार को गोवा छुट्टियां मनाने के लिए गया था। जिसने 9 दिसंबर तक का पैकेज लिया हुआ था। शनिवार शाम तक सब कुछ ठीक-ठाक था। जिसके चलते उनकी बात अपने परिवार के लोगों से हुई, लेकिन रविवार की सुबह गोवा पुलिस का विनोद के घर पर फोन पहुंचा जिन्होंने हादसे के बारे में उन्हें जानकारी दी।
नाइट क्लब बर्च में आग लगने के दौरान विनोद अपनी पत्नी के साथ बचकर बाहर आ गया था, लेकिन बाहर आकर विनोद को पता चला कि उसकी भाभी और 2 सालियां अंदर ही फंसी हैं। इसके बाद विनोद पत्नी को सुरक्षित बाहर छोड़कर फिर से क्लब के अंदर गया, लेकिन वह भी अपनी सालियों के साथ मौत के मुंह में चला गया। विनोद की पत्नी भावना काफी समय तक उन सभी के लौटने का इंतजार करती रही, लेकिन आग बुझने के बाद सभी के मृत शरीर बाहर आए। जिसे देखकर भावना को गहरा आघात पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक गोवा अग्निकांड का शिकार हुई कमला परिवार की सबसे बड़ी बहन थी। जिसके दो बच्चे हैं और उसका पति नवीन बिजनेसमैन है। कमला अपने परिवार के साथ सादतपुर एक्सटेंशन की गली नंबर 15 मे रहती थी। कमला और भावना की शादी एक ही परिवार में हुई थी। जिनके दो बच्चे हैं। विनोद के परिवार के लोगों ने बताया की करावल नगर मे रहने वाली बेटियों की मां को हादसे के बारे में नहीं बताया गया है।

