नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी कमल रावत को भाजपा से किया गया निष्कासित

चम्पावत। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता कमल सिंह रावत को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। 29 दिसंबर को कमल पर एक नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। मुकदमा दर्ज होने के एक दिन बाद भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा ने आरोपी और तल्लादेश मंडल के अध्यक्ष कमल सिंह रावत को पार्टी से निष्कासित कर दिया। माहरा ने कहा कि इस कार्रवाई से पार्टी ने गलत काम करने वालोंं को कड़ा संदेश दिया है।

भाजपा के तल्लादेश मंडल के अध्यक्ष कमल सिंह रावत पर चम्पावत ब्लॉक के एक गांव की एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का आरोप लगा है। शुक्रवार को कोतवाली में आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 506 व 363 के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। नाबालिग का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा चुका है, लेकिन अभी धारा 164 के तहत बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। एसपी देवेंद्र पींचा का कहना है कि जल्द ही बयान दर्ज कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद जताई जा रही है कि पीड़िता के बयान सोमवार को दर्ज कराए जाएंगे। मामले की जांच दरोगा पिंकी धामी कर रही हैं।
दस दिन बाद वायरल हो रहा इस्तीफे का पत्र…
चम्पावत। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता का मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का एक पत्र 10 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 20 दिसंबर की दर्ज तिथि वाले इस पत्र में न जिले का उल्लेख है और नहीं मंडल का। यहां तक कि इस्तीफे के पत्र के लिए भाजपा के पैड का भी उपयोग नहीं किया गया है। 20 दिसंबर की तिथि वाला यह पत्र भी मुकदमा दर्ज होने के बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पार्टी ने इस पत्र पर कोई टिप्पणी नहीं की है लेकिन यह पत्र शनिवार को खूब चर्चा में रहा।
आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
चम्पावत। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बावजूद भाजपा के नेता रहे कमल सिंह रावत की गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस ने गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने कहा कि भाजपा एक ओर प्रदेश में चेली ब्वारी महोत्सव मना रही है, वहीं दूसरी तरफ सीएम के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से जुड़ा एक पदाधिकारी घिनौनी हरकत कर रहा है। पार्टी ने मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं किए जाने पर भाजपा को कटघरे में खड़ा किया है। कांग्रेस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है।
