चम्पावत : नामांकन खारिज होने से भड़के कमल रावत, जाएंगे हाईकोर्ट की शरण में
जिला पंचायत सदस्य पद के 2 प्रत्याशी कमल और किरन देवी का नामांकन खारिज, आज और कल 11 जुलाई को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे

चम्पावत। चम्पावत जिला पंचायत सदस्य की भंडारबोरा सीट से नामांकन कराने वाले कमल सिंह रावत नामांकन खारिज होने से खासे भड़के हुए हैं। उनके साथ ही टनकपुर सीट से प्रत्याशी भाजपा नेत्री किरन देवी का भी नामांकन खारिज हुआ है। नामांकन खारिज होने से कमल रावत खासे भड़के हुए हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं के इशारे पर उनका नामांकन खारिज करने का आरोप लगाया है। अब वह हाईकोर्ट की शरण में जाने की तैयारी कर रहे हैं।

नामांकन खारिज होने की जानकारी सूचना विभाग के मीडिया ग्रुप ने दी। मीडिया ग्रुप द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक कमल सिंह रावत पर एक आपराधिक मामला छुपाने और किरण देवी पर लाभ के पद रहने के संबंध में आपत्ति लगी थी। अब जिला पंचायत की 15 सीटों के लिए 63 नामांकन पत्र वैध पाए गए हैं। जिला पंचायत सदस्य चुनाव के निर्वाचन अधिकारी विमल सूंठा ने 8 जुलाई को सभी 65 नामांकन पत्र वैध घोषित किए थे, लेकिन एक दिन बाद 9 जुलाई को जारी सूची में 2 नामांकन पत्र अवैध घोषित हो गए थे। वहीं जिला पंचायत की भंडारबोरा सीट के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशी कमल सिंह रावत का कहना है कि उनका नामांकन पत्र गलत तरीके से खारिज किया गया है। उनका आरोप है कि सत्ता के दबाव में नामांकन अवैध करार दिया गया है। उन पर पूर्व में जो मुकदमा चल रहा था, उसमें वह दोषमुक्त हो चुके हैं। वे इस निर्णय के खिलाफ न्यायालय जाएंगे। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य किरण देवी का कहना है कि उन्होंने उत्तराखंड राज्य महिला आयोग के सदस्य पद से पहले ही त्यागपत्र भेज चुकी थीं।

… तो शैलेश को निर्विरोध बनाने की चल रही तैयारी
चम्पावत। चर्चा है कि जिला पंचायत भंडारबोरा सीट पर भाजपा प्रत्याशी शैलेश जोशी को निर्विरोध निर्वाचित कराने की तैयारी चल रही है। कमल सिंह रावत से शैलेश जोशी को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना थी, अब कमल सिंह रावत का नामांकन खारिज हो गया है। अब मैदान में केवल शैलेश जोशी व अशोक महर ही बचे हुए हैं। इस बात की चर्चा जोरों पर है कि भाजपा नेता अशोक महर पर नामांकन वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। अगर अशोक महर नामांकन वापस ले लेते हैं तो शैलेश जोशी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। अब देखना होगा कि आज और कल में नामवापसी को लेकर क्या अपडेट आती है।


