लोहाघाट : गुलदार ने वनकर्मियों के सामने ही युवक पर किया हमला, चेहरे और शरीर पर आए गहरे घाव
लोहाघाट के पंचेश्वर क्षेत्र में गुलदार का हमला, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर, 3 दिन के भीतर गुलदार का दूसरा हमला
चम्पावत। लोहाघाट विकास खंड के पंचेश्वर इलाके में एक बार फिर गुलदार का हमला देखने को मिला है। गुलदार ने टूरिस्ट कैंप में सिक्किम के एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि शोर मचाने पर गुलदार उसे छोड़कर भाग गया। घायल को उप जिला अस्पताल लोहाघाट से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर किया गया।
बता दें कि पिछले तीन दिनों के भीतर लोहाघाट विकासखंड में गुलदार के हमले की दूसरी घटना है। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। यह मामला पंचेश्वर के काली नदी किनारे बने टूरिस्ट कैंप का है। मंगलवार शाम करीब 4 बजे के आसपास गुलदार ने हमला कर सिक्किम से आए इयान नाम के व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमला वन विभाग की टीम के सामने ही हुआ।

दिल्ली निवासी रीवर ट्रेल कैंप के स्वामी डेनियल और कैंप में कार्य करने वाले स्थानीय युवा दीपक सामंत व महेश भट्ट ने बताया है कि दोपहर से ही गुलदार उनके कैंप के आसपास मंडरा रहा था। दोपहर 1 बजे के आसपास गुलदार ने पुल्ला क्षेत्र से शवदाह करने आए लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया। शोर मचाने पर गुलदार उनके कैंप की ओर आ गया।
गुलदार ने उनके कुछ कैंपों को नुकसान भी पहुंचाया। शोर मचाने पर गुलदार फिर से वहां से भाग निकला। उन्होंने बताया उसके बाद गुलदार चुपचाप जाकर उनके कैंप में बने एक शौचालय में छुप गया। गुलदार की सूचना उन्होंने वन विभाग को दे दी थी। जिसके बाद रेंजर समेत वनकर्मी मौके पर पहुंचे, जो कैंप के पास बैठे हुए थे।

इसी बीच सिक्किम निवासी इयान जो कैंप में कार्य करते थे, वो कैंप के भीतर बने शौचालय में जाने लगा। तभी पहले से ही छुपे हुए गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए। दीपक सामंत ने बताया सभी लोगों के शोर मचाने पर गुलदार इयान को छोड़ वहां से भाग निकला। इसके बाद कैंप स्वामी डेनियल अपने वाहन से घायल इयान को लोहाघाट उप जिला अस्पताल लाए। चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विराज राठी के नेतृत्व में डॉक्टर दिव्यांशी समेत अन्य चिकित्सा कर्मियों ने द्वारा घायल इयान का उपचार किया। डॉ. राठी ने बताया घायल की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन उनके शरीर व चेहरे पर गुलदार के दांत व पंजों के काफी निशान हैं।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक उपचार करने के बाद घायल को जरूरी जांचों व उपचार के लिए चम्पावत जिला अस्पताल भेज दिया गया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। कैंप स्वामी डेनियल, दीपक सामंत, महेश भट्ट व अन्य ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा मुहैया कराने और जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

