जनपद चम्पावतनवीनतमलोहाघाट / आस-पासस्वास्थ

लोहाघाट: डॉक्टर्स-डे पर क्षेत्र के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ.पुनेठा का हुआ नागरिक अभिनंदन

ख़बर शेयर करें -

लोहाघाट/चम्पावत। सोमवार एक जुलाई को डॉक्टर्स-डे पर निस्वार्थ भाव से मरीजों की सेवा करने वाले प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. केके पुनेठा का क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने नागरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में व्यापारी, शिक्षक व जनप्रतिनिधि शामिल रहे। लोगों ने डॉ.पुनेठा को क्षेत्र के लिए उपलब्धि बताया। कहा कि बरसों से जिस प्रकार डॉ. पुनेठा सेवा भाव से न्यूनतम फीस में क्षेत्र के लोगों की बीमारियों का इलाज करते हैं, वह सराहनीय है।

कहा गया कि क्षेत्र के लोगों की सेवा करने के लिए डॉ. पुनेठा ने देश के प्रतिष्ठित हॉस्पिटलों के बड़े-बड़े ऑफर ठुकरा दिए। वे अब तक कई लोगों की जान बचा चुके हैं। दूर दूर से मरीज उनके पास आते हैं। लोगों ने कहा कि डॉ. पुनेठा ने सेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम की है। युवा चिकित्सकों को उनसे सीख लेनी चाहिए। इस मौके पर डॉ.पुनेठा ने कहा कि धन दौलत से महत्वपूर्ण उनके लिए क्षेत्र के लोग और उनका स्वास्थ्य है। उनसे जितना बन पड़ता है वह पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं और यही एक डॉक्टर का कर्तव्य भी है और फर्ज भी। उन्होंने कहा अपने क्षेत्र में अपने लोगों के बीच रहने तथा उनके स्वास्थ्य की देखभाल करने में उन्हें काफी आनंद आता है। डॉक्टर पुनेठा ने सम्मानित करने के लिए सभी लोगों का आभार जताते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा जब तक संभव होगा वह क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य को संभाल कर रखेंगे। सम्मान समारोह में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, जीवन सिंह मेहता, हेम पुनेठा, किरन पुनेठा, सतीश मुरारी, मनीष जुकरिया, दीपक पुनेठा, प्रहलाद सिंह मेहता, मुकेश साह, विमल कलौनी, जीवन गहतोड़ी, लक्ष्मण मेहता, जगदीश साह, चंद्रशेखर उप्रेती, पंकज वर्मा, दीपक राय, अर्जुन छतोला, जीवन कलौनी, ईश्वरी लाल साह सहित कई लोग मौजूद रहे।