चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

लोहाघाट की बेटी अदिति ने पीसीएस परीक्षा में मारी बाजी, 45वीं रैंक हासिल की

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। लोहाघाट क्षेत्र के निकटवर्ती ग्राम भुमलाई की होनहार बेटी अदिति पुनेठा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अदिति की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
अदिति ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पोकलैंड पब्लिक स्कूल, लोहाघाट से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जीएमसी कॉलेज से गणित विषय में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। उच्च शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की और पहले ही प्रयास में PCS परीक्षा उत्तीर्ण कर ली। उनका अगला लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना है।
अदिति के पिता दीपक पुनेठा बागेश्वर में एलआईसी के शाखा प्रबंधक हैं, जबकि माता भावना पुनेठा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। उनके भाई अनमोल पुनेठा दिल्ली से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अदिति का परिवार लोहाघाट के ठाड़ाढुंगा मोहल्ले में निवास करता है।
अदिति की इस उपलब्धि पर गांव और मोहल्ले में जश्न का माहौल है। नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने उनके नागरिक अभिनंदन की घोषणा की है, वहीं विद्यालय प्रबंधन द्वारा भी सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की बात कही गई है।
अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और इष्ट देवता को दिया है। उन्होंने कहा कि लोहाघाट जैसे स्थान में भी अच्छी बुनियादी शिक्षा प्राप्त कर बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। शानदार सफलता पर आदिति को क्षेत्र के तमाम लोगों ने बधाई दी है।

Ad Ad