उत्तराखण्डक्राइमखेलनवीनतमनैनीताल

उत्तराखंड : EVCL क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम पर की थी 32 लाख की ठगी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। ईवीसीएल क्रिकेट लीग के नाम पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों को जोड़ने का झांसा देकर 32 लाख रुपये की ठगी करने के मामले का मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के शामिल होने का दावा कर टीम फ्रेंचाइजी बेची गई थी, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पूरा खेल फर्जी साबित हो गया।

आरोपी ने टीम मालिकों को बताया कि प्रस्तावित लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी सहित कई अंतरराष्ट्रीय व रणजी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसी भरोसे पर टीमों की फ्रेंचाइजी के नाम पर मोटी रकम वसूली गई। इस संबंध में 5 फरवरी को हेमन्त शर्मा निवासी झज्जर (हरियाणा) एवं पूर्व विधायक नारायण पाल की ओर से थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई। आरोप है कि विकास ढाका ने क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर उनसे भारी रकम ठग ली। मामले में FIR संख्या 13/2026 व 14/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

Ad Ad

हेमन्त शर्मा को यूपी वारियर्स की फ्रेंचाइजी 50 लाख रुपये बताकर ‘डिस्काउंट’ में 30 लाख में देने का लालच दिया गया। इसके एवज में उनसे कुल 23 लाख रुपये नकद व अन्य माध्यमों से ले लिए गए। वहीं नारायण पाल को उत्तराखंड सोल्जर्स टीम की फ्रेंचाइजी 50 लाख बताकर 10 लाख की छूट का झांसा दिया गया। उन्होंने 3 लाख रुपये नकद और 6 लाख रुपये प्रचार-प्रसार (होर्डिंग्स आदि) में खर्च किए। इस प्रकार उनसे कुल 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई।

लीग की शुरुआत 01 फरवरी 2026 तय थी, लेकिन निर्धारित तिथि बीत जाने के बाद भी न तो टूर्नामेंट शुरू हुआ और न ही कोई ठोस तैयारी दिखाई दी। जब टीम मालिकों ने कथित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सीधे संपर्क किया तो पता चला कि उन्हें ऐसी किसी लीग की कोई जानकारी ही नहीं थी। न लोगो बने, न ड्रेस, न प्रचार सामग्री—जिससे ठगी का शक गहराता चला गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तत्काल पुलिस टीम गठित की। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विमल मिश्रा के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 06 फरवरी 2026 को आरोपी को मल्ला काठगोदाम से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त विकास ढाका पुत्र यशवीर सिंह ढाका (35) निवासी सेक्टर-A/162, नोएडा है।

Ad Ad