चम्पावत # वर्तमान विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष को भेजा इस्तीफा, चार अन्य ने भी इस्तीफा दिया

टनकपुर। आज ही भाजपा जिलाध्यक्ष दीप चंद्र पाठक ने अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष मदन कुमार को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में पार्टी से छह साल से निष्कासित किया है। वहीं आज ही मोर्चा जिलाध्यक्ष मदन कुमार ने जिलाध्यक्ष को पत्र लिख कर वर्तमान विधायक व फिर से प्रत्याशी बनाए गए कैलाश चंद्र गहतोड़ी पर दलित विरोधी होने के गंभीर आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दिया है। अपने इस्तीफे में मदन कुमार ने कहा है कि पांच वर्षों में कोई विकास कार्य न होने के चलते व संगठन के विरोध के बाद भी वर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी को टिकट दे दिया गया है। आरोप लगाया है कि व्यक्तिगत भेदभाव के साथ कार्य करते हैं। अपने कार्यकर्ताओं का शोषण करते हैं। विधायक पर आरोप लगाया है कि वे अनुसूचित जाति के लोगों के साथ घृणा का भाव रखते हैं। वे पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में कार्य नहीं कर सकते है। इसलिए वे इस्तीफा दे रहे हैं।
वहीं अध्यक्ष के इस्तीफा देने के बाद मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मनीष कुमार, मनोज कुमार, कोषाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा व जिला मंत्री राजा वाल्मीकि ने भी इस्तीफा दे दिया है।



