मीडिया कर्मियों ने फूंका खटीमा के भाजपा नेता का पुतला, मुकदमा निरस्त करने की मांग
चम्पावत। जिला मुख्यालय में प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया कर्मियों ने उधमसिंह नगर जिले के खटीमा में ग्राउंड रिपोर्टिंग को लेकर एक पत्रकार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। मीडिया कर्मियों ने इस मामले में पत्रकार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले खटीमा के भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा का पुतला दहन किया। मीडिया कर्मियों ने मोटर स्टेशन में नारेबाजी के साथ पुतला दहन किया और उसके बाद डीएम और एसपी के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर पत्रकार उत्पीड़न पर रोष जताया। मीडिया कर्मियों के विरोध प्रदर्शन को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया।

मीडिया कर्मियों का कहना था कि खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा ने वर्तमान में चल रहे रसोई गैस संकट को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिग की। जिसको लेकर भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा ने पुलिस को तहरीर देकर पत्रकार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। जिस पर खटीमा पुलिस की ओर से बिना जांच पड़ताल के ही पत्रकार दीपक फुलेरा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने इस घटना को लोकतंत्र पर कुठाराघात बताते हुए तत्काल मुकदमा निरस्त किए जाने की मांग उठाई। पुतला दहन और ज्ञापन सौंपने वालों में जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश बिष्ट, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पंकज पाठक, विपिन जोशी, राहुल महर, सूरी पंत, सतीश जोशी आदि के अलावा समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, सूरज पुजारी, दीपक जोशी, गोविंद सिंह, प्रदीप सिंह आदि शामिल रहे।

