चम्पावत : गांव में गैस की आपूर्ति कराए जाने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा
चम्पावत। ग्राम पुनेठी में गैस की आपूर्ति समय से न होने की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पूर्व ग्राम प्रधान शांति जोशी के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से गैस सिलेंडर समय पर नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी से जानकारी ली और गैस एजेंसी को निर्देशित किया कि 3 तारीख को सुबह 11 बजे तक गांव में गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिला। क्षेत्र से आई महिलाओं और बुजुर्गों ने जिलाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे हर व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुन रहे हैं और उसका त्वरित समाधान कर रहे हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन के निर्देश के बाद अब गांव में गैस आपूर्ति नियमित रूप से समय पर हो सकेगी, जिससे उन्हें राहत मिलेगी।

