उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतमहादसा

खटीमा : सोडा समझकर शराब के साथ पी लिया जहरीला केमिकल! दो की हुई मौत, एक की हालत गंभीर

ख़बर शेयर करें -

कंजाबाग स्थित पार्वती मंडप के संचालक थे, गुरुवार शाम अपने मैरिज हाल में साथियों के साथ मौजूद थे। इसके बाद वे तीनों पठपुरा क्षेत्र में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए।

खटीमा। गुरुवार देर रात एक संदिग्ध पेय पदार्थ ने दो जिंदगियां छीन लीं, जबकि एक व्यक्ति जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। विवाह समारोह से लौट रहे तीन लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब के साथ सोडे की जगह गलती से किसी जहरीले रासायनिक पदार्थ का सेवन कर लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही खटीमा कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह पुलिस बल के साथ कंजाबाग रोड पहुंचे। वहां गंभीर हालत में मिले कंजाबाग निवासी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्रद्धा जागरण प्रमुख ढिल्लू राणा (52) को तत्काल खटीमा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके साथ मौजूद सत्रहमील निवासी एडवोकेट प्रवेश मौर्या और मलकीत सिंह राणा की स्थिति चिंताजनक देखते हुए दोनों को हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया। इलाज के दौरान मलकीत राणा की भी मौत हो गई, जबकि प्रवेश मौर्या की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार ढिल्लू राणा, जो कंजाबाग स्थित पार्वती मंडप के संचालक थे, गुरुवार शाम अपने मैरिज हाल में साथियों के साथ मौजूद थे। इसके बाद वे तीनों पठपुरा क्षेत्र में एक विवाह समारोह में शामिल होने गए। लौटते समय तीनों ने कंजाबाग चौराहे स्थित एक भट्टी से शराब की बोतल ली और जानकी मंडप में बैठकर शराब पी। अधिवक्ता प्रवेश मौर्य ने पुलिस को बताया कि पहला पैक लेने के बाद से शरीर में जलन और तीनों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

देखते ही देखते अचानक तीनों की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी और उल्टियां शुरू हो गईं। जिस पर मंडप कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक स्थिति बिगड़ चुकी थी। इमरजेंसी डॉक्टर वीपी सिंह द्वारा किए जा रहे उपचार के दौरान समाजसेवी ढिल्लू राणा की मौत हो गई। जिसके बाद अधिवक्ता प्रवेश मौर्य और मलकीत राणा की नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। जहां मलकीत ने भी दम तोड़ दिया।

जांच के दौरान पुलिस को उस कार से अंग्रेजी शराब की बोतलें और एक संदिग्ध तरल पदार्थ मिला, जिसमें रासायनिक गंध पाई गई। उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वी.पी. सिंह ने बताया कि मरीजों के शरीर से तीव्र मिथाइल अल्कोहल जैसे केमिकल की गंध आ रही थी, जिससे किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका और गहरी हो गई है। एसएसआई ललित मोहन रावल के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह संभावना सामने आई है कि शराब के साथ सोडा की जगह किसी रासायनिक तरल को मिला लिया गया, जिसे पानी समझ लिया गया था।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मृतक ढिल्लू राणा न केवल आरएसएस के श्रद्धा जागरण प्रमुख थे, बल्कि थारू युवा मंच के अध्यक्ष के रूप में भी सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे। उनकी आकस्मिक मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।