जनपद चम्पावत

चम्पावत में बनेगा बहुउद्देश्यीय भवन, डीएम ने किया प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण, नर्सिंग कॉलेज का काम भी देखा

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भंडारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ गौरलचौड़ मैदान, नव निर्मित नर्सिंग कॉलेज एवं ग्राम पंचायत डड़ा बिष्ट के कुलेठी का विभिन्न अधिकारियों के साथ भ्रमण किया। जिलाधिकारी द्वारा जिला मुख्यालय के गौरलचौड़ मैदान के समीप बनने वाले बहुउद्देश्यीय भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जिला मुख्यालय में विभिन्न आवश्यकताओं के मद्देनजर एक बहुउद्देश्यीय भवन की अत्यंत आवश्यकता को देखते हुए बहुउपयोगी भवन का निर्माण किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने इसके निर्माण हेतु अधिशासी अभियंता लोनिवि को तत्काल आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि प्रस्ताव को शासन को भेजा जा सके। साथ ही जिलाधिकारी द्वारा जिला मुख्यालय के कुलेठी में हैलीपोर्ट निर्माण हेतु चयनित भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि हैलीपोर्ट निर्माण हेतु यह भूमि उपयुक्त प्रतीत हो रही है, इसके निर्माण हेतु जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक को भूमि का सर्वे कर शीघ्र ही रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शासन को प्रस्ताव भेजा जा सके।
जिलाधिकारी ने कुलेठी में नव निर्मित नर्सिंग कॉलेज का भी स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यदाई संस्था पेयजल निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक देवेश कुमार पंत ने अवगत कराया कि 28 करोड़ 60 लाख 75 हजार में से 23 करोड़ 62 लाख 32 हजार की धनराशि विभाग को प्राप्त हुई। जिससे मुख्य भवन व हॉस्टल का निर्माण पूर्ण हो गया है। अवशेष कार्य गतिमान है। जिलाधिकारी ने भवन की गुणवत्ता पर प्रशन्नता व्यक्त करते हुए अवशेष कार्य भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा प्रस्तावित डिप्टेश्वर झील स्थल का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड