आज होंगे नामांकन, आनंद सिंह अधिकारी का जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय, चम्पावत और बाराकोट में भी निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बनने की संभावना
चम्पावत। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए चुनावी प्रक्रिया आज शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र 11 अगस्त को पूर्वान्ह 11 बजे से जमा होना शुरू होंगे। नामांकन अपराह्न 3 बजे तक जमा होंगे। आज ही नामांकन पत्रों की जांच भी होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ ही उपाध्यक्ष के लिए भी चुनाव होंगे। जिला पंचायत सदस्यों के सियासी समीकरणों को देखते हुए माना जा रहा है कि चम्पावत में वोटिंग की नौबत नहीं आएगी। भाजपा अधिकृत आनंद सिंह अधिकारी के निर्विरोध अध्यक्ष बनने की प्रबल संभावना है।
वहीं चम्पावत जिले के चारों क्षेत्र पंचायतों के प्रमुखों, ज्येष्ठ उप प्रमुख व कनिष्ठ उप प्रमुखों के लिए भी आज सोमवार को ही नामांकन पत्र जमा कराए जाएंगे। आज ही जांच भी होगी। नामांकन प्रक्रिया की सभी गतिविधियां संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में होगी। कल 12 अगस्त को अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जाने का समय रखा गया है। मतदान 14 अगस्त को होगा। नतीजे भी 14 अगस्त की शाम को आ जाएंगे।
डीएम मनीष कुमार ने बताया कि जिला पंचायत उपाध्यक्ष, ज्येष्ठ ब्लॉक उप प्रमुख व कनिष्ठ ब्लॉक उप प्रमुखों के लिए आरक्षण का कोई रोस्टर नहीं है। इन पदों के लिए कोई भी सदस्य नामांकन पत्र भर सकता है। चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के जरूरी बंदोबस्त किए गए हैं।
उधर, चम्पावत और बाराकोट में निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बनने की संभावना है। चम्पावत से भाजपा की अधिकृत अंचला बोरा और पाटी से भाजपा की अधिकृत सीमा आर्या का निर्विरोध प्रमुख बनना तकरीबन तय माना जा रहा है। अलबत्ता पाटी में शंकर सिंह अधिकारी का मुकाबला भाजपा अधिकृत प्रकाश सिंह बिष्ट से होगा। लोहाघाट में भाजपा अधिकृत महेंद्र ढेक का मुकाबला गुमदेश क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी से होने की संभावना है। पाटी से शंकर सिंह अधिकारी की जीत की प्रबल संभावना है। वहीं समीकरणों को देखते हुए लोहाघाट से महेंद्र ढेक बेहतर स्थिति में हैं।
