उधमसिंह नगरक्राइम

…अब उद्यान निरीक्षक धरा गया 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए

ख़बर शेयर करें -

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कार्रवाई हुई है। किच्छा में विजिलेंस टीम ने ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे को 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी ने लकड़ी के ठेकेदार से आम के पेड़ काटने की अनुमति देने के एवज में यह रिश्वत ली। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वह लकड़ी का ठेकेदार है और पिछले 5-6 वर्षों से यह काम कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे और उनके काटने के लिए नियमानुसार अनुमति लेना आवश्यक था। शिकायत में कहा गया कि ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पांडे ने कुल 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने के लिए 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए गए।

इसके बाद टीम ने ट्रैप योजना बनाई और शिकायतकर्ता को तय रकम के साथ आरोपी के कार्यालय भेजा। जैसे ही बादल पांडे ने 12,000 रुपये स्वीकार किए विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर गिरफ्तार कर लिया। ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध तरीके से 9 अप्रैल को कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी अधिकारी को उसके किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान बादल पांडे पुत्र बची राम पांडे, निवासी शक्ति विहार तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है।
मालूम हो कि बुधवार को विजिलेंस टीम ने अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लाक में तैनात लेखाकार को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उससे पहले विजिलेंस की टीम ने अल्मोड़ा जनपद में ही जागेश्वर में एक वन कर्मचारी टीम ने 25 हजार रुपये की घूस लेते गिरफ्तार किया था। सतर्कता विभाग के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा यदि कोई व्यक्ति रिश्वत या भ्रष्टाचार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी रखता है, तो वह सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर संपर्क कर सकता है।

Ad Ad
Ad Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड