नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी : सड़क हादसे में बुजुर्ग की हुई थी मौत, लापरवाही पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर लाइन हाजिर

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। पनचक्की क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस महकमे में बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने यातायात व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर हल्द्वानी महेश चंद्रा को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

बता दें कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के पनचक्की क्षेत्र में एक बुजुर्ग की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त था। मामले में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए थे। पूरे मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपी गई है।


पनचक्की क्षेत्र में यातायात प्रबंधन को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे थे। भारी वाहनों की नो एंट्री व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो पा रही थी, जिससे शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा था। हादसे के बाद प्रारंभिक समीक्षा में पाया गया कि ट्रैफिक प्लान के अनुरूप व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में गंभीर चूक हुई है।

इसके बाद एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने ट्रैफिक इंस्पेक्टर महेश चंद्रा को लाइन हाजिर कर दिया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच एसपी सिटी हल्द्वानी को सौंपी गई है। जांच में ये देखा जाएगा कि नो एंट्री व्यवस्था, भारी वाहनों की निगरानी, ड्यूटी चार्ट और मौके पर तैनात कर्मियों की भूमिका क्या रही? जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि रविवार यानी 22 फरवरी की दोपहर पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वो रानीबाग से अंत्येष्टि से लौटते समय स्कूटी से शांति नगर जा रहे थे, तभी सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों से सड़क संकरी थी। ट्रक को पास देते समय स्कूटी असंतुलित होकर ट्रक से टकरा गई। ऐसे में सिर पर गंभीर चोट से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात व्यवस्था को लेकर पूर्व में भी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। बावजूद इसके यदि जमीनी स्तर पर प्रभावी अमल नहीं हुआ तो जिम्मेदारी तय की जाएगी।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए। विशेषकर संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि भविष्य में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।