मां पूर्णागिरि के दर्शन को जा रहे वृद्ध बेहोश हुए, एसडीआरएफ ने अस्पताल में भर्ती कराया
टनकपुर/चम्पावत। मां पूर्णागिरी दर्शन को जा रहे एक वृद्ध अचानक बेहोश हो गए। उन्हें एसडीआरएफ ने उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसडीआरएफ के प्रभारी बहादुर सिंह बजेठा ने बताया कि शुक्रवार को करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली की एक वृद्ध व्यक्ति अचानक तबियत खराब होने से बेहोश हो गए हैं। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने बेहोश हुए सुरेश (65) पुत्र स्व. जगमोहन निवासी ग्राम शिवपुरी थाना फतेहपुर चौरासी उन्नाव उत्तर प्रदेश को रेस्क्यू किया। उन्हें एसडीआरएफ के जवान कैलाश कुमार, राम सिंह, लोकेश चौहान, विपुल भट्ट स्ट्रेचर कि मदद से भैरव मंदिर लाए। जहां से उन्हें 108 की मदद से उप जिला अस्पताल लाया गया। डॉ. नौनिहाल सिंह ने बताया कि वृद्ध में ब्रेन हेमरेज के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल उन्हें होश नहीं आया है। वृद्ध के रिश्तेदार शिवम शुक्ला ने बताया कि वह साथ में ही दर्शन को जा रहे थे, तभी उनकी तबीयत थोड़ी खराब हो गई थी। जिन्हें आराम के लिए वहीं रुकवा दिया था और वह दर्शन करने चले गए। वापस लौटने के बाद परिजनों से वार्ता के दौरान अचानक बेहोश हो गए।


