देश

ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू बनीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल), कार्यभार संभाला

ख़बर शेयर करें -

ओलंपिक रजत पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने मणिपुर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल) के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। इसकी जानकारी मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने ट्वीट कर दी है। साथ ही मीराबाई चानू ने भी इस संबंध में ट्वीट किया है। मीराबाई ने पिछले साल जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित ओलंपिक खेलों में भारोत्तोलन में रजत पदक अपने नाम किया था। उसके बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने मीराबाई चानू को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल) बनाने का एलान किया था। मीराबाई चानू ने कार्यभार संभालने के बाद ट्वीट किया, “अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल) के रूप में मणिपुर पुलिस में शामिल होना एक सम्मान की बात है। मुझे देश और नागरिकों की सेवा करने का अवसर देने के लिए मैं मणिपुर राज्य और हमारे मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को धन्यवाद देना चाहती हूं।” मीराबाई ने टोक्यो ओलंपिक में भारोत्तोलन के 49 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला एथलीट हैं। पिछले साल टोक्यो से वापस लौटने के बाद मणिपुर की राजधानी में इंफाल में मीराबाई का भव्य स्वागत किया गया था। तब मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने उन्हें एक करोड़ रुपये का चेक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेल) के पद पर नियुक्ति का पत्र सौंपा था। चानू टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने से पहले विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण, राष्ट्रमंडल खेलों में (2014 में रजत और 2018 में स्वर्ण) दो पदक और एशियाई चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी थीं। मीराबाई को इससे पहले उत्तर प्रदेश की सरकार ने सम्मानित किया था। पिछले साल 25 दिसंबर को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें सम्मानित किया था। मीराबाई को राजधानी लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजयपेयी स्टेडियम में सीएम योगी ने डेढ़ करोड़ रुपये का चेक सौंपा था। चानू के कोच को भी दस लाख रुपये का चेक सौंपकर सम्मानित किया गया था।

Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड