चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

क्षेत्रीय जनता की मांग पर मुख्यमंत्री धामी की पहल, टनकपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने का किया अनुरोध

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर सहित सीमांत जनपदों के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

टनकपुर/चम्पावत। पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों की जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। 14 मार्च को आयोजित मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम टनकपुर में क्षेत्रीय जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र प्रेषित कर जनपद चम्पावत के टनकपुर नगर में पासपोर्ट सेवा केंद्र (Passport Seva Kendra) की स्थापना का अनुरोध किया है।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि टनकपुर कुमाऊं मंडल का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के साथ ही नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ क्षेत्र है, जिससे यह व्यापार, पर्यटन एवं सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बन जाता है। उन्होंने अवगत कराया कि वर्तमान में चम्पावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं ऊधमसिंह नगर जनपदों के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए देहरादून अथवा हल्द्वानी जैसे दूरस्थ शहरों की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की अत्यधिक हानि होती है। पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों के लिए यह दूरी विशेष रूप से कठिनाईपूर्ण है। विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक छात्र-छात्राएं, रोजगार के अवसरों की तलाश में जाने वाले युवा, श्रमिक एवं व्यापारी वर्ग को इस कारण अनावश्यक असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि टनकपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना से सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान होगा तथा समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल सीमांत क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को सुदृढ़ करने, युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने तथा क्षेत्रीय विकास को गति देने में सहायक सिद्ध होगी।

Ad Ad