200 मीटर नीचे गिरा पिकअप वाहन, चालक की मौके पर मौत
उत्तराखंड में दर्दनाक सड़क दुघर्टनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। भयावह सड़क दुर्घटना की एक दुखद खबर आज बुधवार को राज्य के देहरादून जिले से सामने आ रही है जहां डाकपत्थर क्षेत्र में कोठी इछाड़ी रोड पर लालढांग के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना उस समय हुई जब पिकअप वाहन सड़क पर आगे बढ़ रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वाहन करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरते हुए नदी तक जा पहुंचा। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। थाना कालसी से सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचते ही टीम ने हालात का जायजा लिया और रस्सियों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद वाहन तक पहुंच बनाई गई और अंदर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक की पहचान अजय भाटी (26 वर्ष) निवासी अंबाड़ी, विकासनगर के रूप में हुई है। जवान बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एसडीआरएफ टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

