क्राइमनवीनतमपिथौरागढ़

पिथौरागढ़ : कमरे में मिला विवाहिता का शव, खाई में पड़ी मिली युवक की लाश

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। सीमांत पिथौरागढ़ जिले के ऐंचोली क्षेत्र में एक विवाहिता कमरे में लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। उधर, खड़कोट में एक युवक का शव उसके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर खाई में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध हो गई।

पुलिस के मुताबिक, पिथौरागढ़ के ऐंचोली में रहने वाली एक महिला का शव गुरुवार को घर के भीतर लटका मिला। जैसे ही परिजनों को इसका पता चला, वे उसे लेकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर ऐंचोली चौकी प्रभारी कमलेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फारेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। विवाहिता ने ऐसा कदम क्यों उठाया? पुलिस इसकी जांच कर रही है।


बताया जा रहा है कि महिला का विवाह ढाई साल पहले ही हुआ था। उसका डेढ़ साल का बेटा भी है। घटना के बाद जब पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि परिवार में सब कुछ सामान्य था और किसी तरह का तनाव भी नहीं था। पुलिस की मानें तो दो दिन पहले ही उसने फोन पर अपनी बहन से भी बातचीत की थी। उसके इस कदम से परिजन भी आहत हैं। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है। ताकि, खौफनाक कदम उठाने के पीछे की वजह का पता चल सके। एसपी रेखा यादव ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में विवाहिता के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतका के मायके पक्ष को सूचित कर दिया गया है। विवाहिता ने यह कदम क्यों उठाया? इसकी जांच की जा रही है।

चेसर गांव में खाई में पड़ा मिला युवक का शव…

पिथौरागढ़ के खड़कोट निवासी एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। 32 साल के युवक का शव उसके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर चेसर गांव के खेतों के किनारे खाई में पड़ा मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मूल रूप से जलतुरी गांव निवासी दिग्विजय चंद अपने माता-पिता और भाई के साथ खड़कोट में रहता था। 3 फरवरी को वो घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। कई स्थानों पर खोजबीन के बाद भी जब पता नहीं चला तो परिजनों ने पिथौरागढ़ कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई।

परिजनों को उसके चेंसर में देखे जाने का पता चला था। गुरुवार को जब परिजन व रिश्तेदार चेंसर पहुंचे तो दिग्विजय का शव खेतों के किनारे सड़क से नीचे करीब 70 मीटर गहरी खाई में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दुबई में नौकरी कर चुका था दिग्विजय

ग्रामीणों के मुताबिक, दिग्विजय ने होटल मैनेजमेंट किया था और वो दुबई में नौकरी करता था। कोरोना काल में वो घर आ गया था। पिता अशोक चंद राजस्व विभाग से सेवानिवृत हैं और छोटा भाई आईटी क्षेत्र में है। तीन बहनों का विवाह हो चुका है। बेटे का शव देखते ही दिग्विजय की मां बेहोश हो गई। अन्य सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया कि दिग्विजय बेहद मिलनसार युवक था और सामाजिक कार्यों में आगे रहता था। एसपी रेखा यादव ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में युवक के खाई में गिरने से मौत होने का अंदेशा है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।