देश विदेशनवीनतमहादसा

काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर क्रैश हुआ विमान, प्लेन में सवार 19 में से 18 की मौत

ख़बर शेयर करें -

न्यूज डेस्क/काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उड़ान भरने के दौरान एक निजी एयरलाइन कंपनी का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 19 लोग सवार थे। इनमें 18 लोगों की मौत की बात सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान पोखरा जा रहा था और सुबह करीब 11 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हवाई अड्डे पर तैनात एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विमान के पायलट को अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि विमान में लगी आग को बुझा दिया गया है। पुलिस और दमकलकर्मी दुर्घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं। यात्रियों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिल पाई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पोखरा जाने वाले विमान के उड़ान भरने के दौरान रनवे से बाहर निकल जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। विमान में चालक दल के सदस्यों सहित 19 लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनास्थल से पांच शव बरामद किए गए हैं। जहाज के कैप्टन एमआर शाक्य को अस्पताल ले जाया गया है। हवाई अड्डे पर धुएं का घना गुबार देखा गया। पुलिस और दमकलकर्मी दुर्घटना स्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं। हादसे के बाद काठमांडू के त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एहतियातन बंद कर दिया गया है।

दुनिया सबसे मुश्किल रनवे : बता दें कि हिमालयी देश में दुनिया सबसे मुश्किल रनवे हैं, जिन पर उतरना मुश्किल है। इसके दोनों ओर बर्फ से ढकी चोटियां हैं, जहां पहुंचना कुशल पायलटों के लिए भी चुनौती भरा होता है। इसके अलावा पहाड़ों में मौसम भी तेजी से बदलता है, जिससे उड़ान के लिए जोखिम भरे हालात बन जाते हैं। नेपाल की आखिरी बड़ी कमर्शियल उड़ान दुर्घटना जनवरी 2023 में हुई थी, जब पोखरा में ही उतरते समय यति एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 72 लोग मारे गए थे। यह दुर्घटना 1992 के बाद से नेपाल की सबसे घातक दुर्घटना थी, जब पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का विमान काठमांडू हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 167 लोग मारे गए थे। उस वर्ष की शुरुआत में थाई एयरवेज का एक विमान उसी हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 113 लोग मारे गए थे।