पुलिस व एसओजी की टीम ने रानीखेत में 66 किलो गांजा संग तीन तस्कर किए गिरफ्तार, टूरिस्ट बन कर रहे थे गांजा तस्करी
रानीखेत/अल्मोड़ा। रानीखेत पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सुबह के समय चेकिंग के दौरान अशोक द्वार के पास हुडंई औरा कार में सवार तीन युवकों के कब्जे से 66.288 किग्रा गांजा बरामद किया। तस्कर टूरिस्ट बनकर लगेज बैग में गांजा ले जा रहे थे। बरामद गाजे की बाजार में अनुमानित किमत साढ़े सोलह लाख बतायी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा द्वारा अवैध रूप से गांजा, चरस व अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी कर रहे तस्करों पर कठोर कार्यवाही करने के दिए गए सख्त निर्देशो के तहत अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन व सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रानीखेत भुवन चन्द्र जोशी व प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में सोमवार को रानीखेत पुलिस व एसओजी पुलिस टीम द्वारा अशोक द्वार के पास चैकिंग के दौरान रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही सफेद रंग की हुडंई औरा कार यूपी 23 बीटी 0365 मे सवार तीन युवकों के कब्जे से कुल 66.288 किग्रा गांजा बरामद किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार तीनों अभियुक्त काशीपुर निवासी विकास (25), अनमोल सिंह (25) व नानकमत्ता निवासी जसपाल सिंह (23) को गिरफ्तार करने के साथ ही एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर व आवश्यक कार्यवाही करने के साथ कार को सीज किया गया। चेकिंग के दौरान रोके जाने पर चालक ने गाड़ी में टूरिस्ट होने और ट्रॉली बैगों में लगेज होना बताया, चेक करने पर बैगों में लगेज की जगह गांजा भरा मिला, तीनों शातिर तस्कर गांजा सराईखेत क्षेत्र से ठाकुरद्वारा मुरादाबाद की ओर ले जा रहा थे, जिसे ऊंचे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में थे। टीम द्वारा गांजा क्रय विक्रय स्त्रोतों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। चैकिंग के दौरान उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, कानि. अवधेश कुमार एसओजी, कानि. कमल गोस्वामी, कानि. देवेन्द्र सिंह, होमगार्ड मनोज सिंह करायत मौजूद रहे।

