चम्पावत : अग्निवीर में चयनित हुए युवाओं को थानाध्यक्ष ने किया सम्मानित
रीठा साहिब/चम्पावत। पुलिस की ओर से लधिया घाटी क्षेत्र में नशा एवं नशेबाजों के विरुद्ध चलाए गए अभियान के परिणाम सामने आने लगे हैं। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में शामिल कर पुलिस व सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए, जो सफल होते जा रहे हैं। हाल ही में हुई सेना की अग्निवीर चयन प्रक्रिया में क्षेत्र के 11 युवाओं का चयन हुआ है। इन सभी युवाओं को थानाध्यक्ष ने समारोह पूर्वक सम्मानित किया। साथ ही भविष्य में इस प्रयास को जारी रखने की भी बात कही।
रीठा साहिब में संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सभी ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश बोहरा, पूर्व मंडल अध्यक्ष नवीन रसीला, व्यापार संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी डब्बू बोहरा, पनी राम आर्या आदि ने कहा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में नई पहल शुरू होने से क्षेत्र में न केवल नशा एवं नशेबाजों का उन्मूलन हुआ है, बल्कि यहां के युवाओं में नई सोच भी पैदा हुई है। युवा अपने भविष्य के प्रति चिंतित नजर आ रहा है। समारोह में एसआई देवेंद्र बिष्ट, एचसी राजेंद्र प्रसाद, हरिश्चंद्र, सिपाही मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
