UKPSC ने जारी किया समीक्षा अधिकारी का रिजल्ट, श्रेष्ठता क्रम में चयनित अभ्यर्थियों के नाम जारी

देहरादून। उत्तराखंड में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी पद पर परिणाम घोषित किये गये हैं। लोक सेवा आयोग ने विभिन्न विभागों के लिए इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी की है। जिसमें श्रेष्ठता क्रम में चयनित अभ्यर्थियों के नाम जारी किए गए हैं। इसमें आयोग ने विभिन्न विभागों के लिए कुल 136 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की चयनित सूची जारी की है।

उत्तराखंड के विभिन्न विभागों में समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की कमी को दूर किया जा सकेगा। दरअसल, लोक सेवा आयोग ने समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी मुख्य परीक्षा 2023 का परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की है। राज्य भर में विभिन्न विभागों के कुल 136 समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों का इसमें चयन हुआ है।
लोक सेवा आयोग ने चयन परिणाम जारी करते हुए 68 समीक्षा अधिकारियों के नाम सूची में रखे हैं। इसी तरह 68 सहायक समीक्षा अधिकारी भी इस सूची में चयनित हुए हैं। उत्तराखंड सचिवालय के लिए कुल 53 समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। इसी तरह उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए 7 समीक्षा अधिकारी चयनित हुए हैं, जबकि उत्तराखंड राजस्व परिषद के लिए 8 समीक्षा अधिकारी चयनित हुए हैं। सहायक समीक्षा अधिकारी के रूप में उत्तराखंड सचिवालय के लिए 60 सहायक समीक्षा अधिकारी चुने गए हैं। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के लिए दो सहायक समीक्षा अधिकारियों का चयन हुआ है। उधर 6 सहायक समीक्षा अधिकारी उत्तराखंड राजस्व परिषद के लिए चयनित हुए हैं।
प्रदेश में विभिन्न विभागों के लिए समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारियों की कमी को इस भर्ती के जरिए पूरा किया जा सकेगा। यह भर्ती साल 2023 में शुरू की गई थी। इसके लिए 26 और 27 अक्टूबर 2024 को मुख्य परीक्षा आयोजित की गई थी। इसी साल 24 फरवरी से 6 मार्च तक कंप्यूटर के आधारभूत ज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा और कंप्यूटर पर हिंदी और अंग्रेजी टंकण परीक्षा आयोजित की गई थी। इन सभी परीक्षाओं में मेरिट लिस्ट के आधार पर श्रेष्ठता क्रम में अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इसी आधार पर विभिन्न अभ्यर्थियों के नाम की सूची जारी की गई है।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा के प्राप्तांक, कंप्यूटर पर आधारभूत ज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा के नंबर साथ ही कंप्यूटर पर हिंदी अंग्रेजी टंकण परीक्षा का रिजल्ट आयोग की वेबसाइट पर रखा है। इसके अलावा अभ्यर्थियों के कट ऑफ मार्क्स की सूचना आयोग की वेबसाइट पर दी गई है।
