पुलिसकर्मी पर 70 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार से मारपीट करने का आरोप, आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग
एक पुलिसकर्मी पर बुजुर्ग चौकीदार से मारपीट करने का आरोप लगा है, तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है
रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर के खताड़ी क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग चौकीदार से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। वहीं तहरीर मिलने के बाद पुलिस आरोपी पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने का बात कह रही है।
जानकारी के मुताबिक, वाल्मीकि समाज के रुपेश कुमार, निवासी वाल्मीकि मोहल्ला खताड़ी, ने पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे को तहरीर देकर बताया कि उनके दादा ओमप्रकाश, जो जीआईसी खताड़ी में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। 22 मार्च 2026 की रात करीब 10:30 बजे रोज की तरह ड्यूटी पर जा रहे थे, बताया गया कि उनका सरकारी आवास पुलिस चौकी के पीछे स्थित है और वे रोजाना की तरह खताड़ी चौकी के सामने से गुजरते हुए पुलिसकर्मियों को नमस्कार कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक पुलिसकर्मी ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी।
आरोप है कि पुलिसकर्मी उस समय नशे की हालत में था और उसने बिना वजह बुजुर्ग को गालियां देनी शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार, इसके बाद पुलिसकर्मी ने ओमप्रकाश को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। यहां तक कि बेहोशी की हालत में भी उन्हें पीटा जाता रहा। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा शरद कुमार को भी कथित तौर पर पीटा गया। गंभीर हालत में परिजन किसी तरह बुजुर्ग को घर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में जांच के दौरान पता चला कि उनके कंधे में फ्रैक्चर है और शरीर पर कई चोटें आई हैं। मामले में अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि बुजुर्ग के कंधे में फ्रैक्चर है, जिसके लिए ऑपरेशन की जरूरत पड़ेगी। वहीं पीड़ित ओमप्रकाश का कहना है कि उन्हें खताड़ी चौकी में बुरी तरह पीटा गया और जूते से कंधे पर वार किया गया, जिससे उनकी हड्डी टूट गई। परिवार का कहना है कि ओमप्रकाश ही उनके घर के एकमात्र सहारा हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पूरे मामले पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आ चुका है और परिजनों से तहरीर भी प्राप्त हुई है, उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

