रुद्रपुर में सड़क हादसा, पुलिसकर्मी के भाई की मौत, कार चालक की तलाश तेज
रुद्रपुर। देर रात काशीपुर रोड पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रही कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति उछलकर दूर जा गिरा और वहीं पर धराशायी हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल को संभाला और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान संतोष कुमार पुत्र रामप्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पिथौरागढ़ के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार काशीपुर रोड स्थित नवोदय विद्यालय में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। ड्यूटी खत्म करने के बाद पैदल अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान गाबा चौक के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी जान चली गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
मामले की जानकारी देते हुए एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। फुटेज में दुर्घटना की पूरी घटना कैद हो गई है, जिससे वाहन की पहचान भी हो गई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनकी तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मृतक संतोष कुमार का भाई विनोद कुमार उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत है और वर्तमान में किच्छा कोतवाली में तैनात है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
इस हादसे का वीडियो भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

