अल्मोड़ानवीनतम

केआरसी सेंटर में हुआ पीओपी का आयोजन, 603 अग्निवीर बने भारतीय फौज का अंग

ख़बर शेयर करें -

रानीखेत। कुमाऊं रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में आज मंगलवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ और छठे बैच के 603 अग्निवीर नवसैनिक भारतीय सेना का हिस्सा बने। कसम परेड की सलामी केआरसी कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव ने ली। इस मौके पर उन्होंने अग्निवीरों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि फौजी बन देशसेवा का मौका किस्मत वालों को ही मिलता है। उन्होंने सेना का अंग बने अग्निवीर नवसैनिकों में जोश भरते हुए कहा कि वह जिस मोर्चे पर भी जाएं रेजिमेंट का नाम और ऊंचा करें।

केआरसी मुख्यालय स्थित भारतीय सेना के ऐतिहासिक सोमनाथ ग्राउंड मंगलवार को अग्निवीर नवसैनिकों के छठे बैच की कसम परेड का साक्षी बना। करीब सात माह की कड़े प्रशिक्षण व देशसेवा की अग्निपरीक्षा में तपकर निकले अग्निवीरों ने जोश, जज्बे व जुनून के साथ कदमताल कर अन्य नौजवानों को भी फौज में भर्ती होकर देशसेवा को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कमांडेंट ब्रिगेडियर संजय कुमार यादव व डिप्टी कमांडेंट कर्नल प्रभु रामदास ने परेड की सलामी ली।

अंतिम पग भरने के बाद अग्निवीर नवसैनिकों ने देश की आन, बान व शान की रक्षा और जरूरत पड़ने पर मां भारती के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने की कसम उठाई। धर्मग्रंथ के साथ सेना के धर्मगुरुओं ने उन्हें कसम दिलाई। अग्निवीरों के माता पिता, भाई बहन व अन्य स्वजन गौरवांवित करने वाले इस पल के गवाह बने।