नवीनतमबागेश्वरस्वास्थ

जिला अस्पताल में भर्ती गर्भवती कविता पाठक की चली गई जिंदगी

ख़बर शेयर करें -

उपचार के दौरान गर्भवती महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही के गंभीर आरोप; पुलिस जांच में जुटी

बागेश्वर। जिला अस्पताल में बीते रविवार को उपचार के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कविता पाठक के रूप में हुई है। कविता की आकस्मिक मौत की खबर से जहां परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने जिला अस्पताल के स्टाफ पर गंभीर लापरवाही और वार्ड कर्मियों पर पैसे वसूलने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के संगौड़ कोटमन्या, थल निवासी नवीन पाठक की पत्नी कविता पाठक इन दिनों गर्भवती थी। बताया गया है कि कविता ने करीब 15 दिन पहले गर्भपात कराने के लिए दवा ली थी, जिसके बाद उनकी तबीयत लगातार खराब होती चली गई। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें पहले सीएचसी बेरीनाग ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें शनिवार देर शाम जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया।

रात करीब 10 बजे परिजन उन्हें बागेश्वर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया। लगातार बढ़ रहे रक्तस्राव के चलते उनकी स्थिति और नाजुक होती गई। डॉक्टरों के अनुरोध पर परिजनों ने देर रात दो यूनिट खून की व्यवस्था भी की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं आया। बताया गया है कि रात भर चले उपचार के बावजूद कविता को कोई आराम नहीं मिला और रविवार करीब तीन बजे कविता ने अंतिम सांस ली। मौत की खबर मिलते ही मायके और ससुराल दोनों जगह मातम पसर गया। मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। बताया जा रहा है कि मृतका कविता का मायका बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील क्षेत्र के जिजोली गांव में है, जहां परिवार के लोग सदमे में हैं।

कविता के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई। उनका कहना है कि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। इसके साथ ही कुछ वार्ड कर्मचारियों पर उपचार के दौरान चार हजार रुपये वसूलने का भी आरोप लगाया गया है। परिवार ने संबंधित डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं डॉ. रीमा उपाध्याय ने बताया है कि महिला ने गर्भपात वाली दवा खा ली थी, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। डॉक्टर के अनुसार उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती रही। महिला की मौत की सूचना अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को दी, जिसके बाद टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा पूरा किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी गुस्सा है। लोग अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हैं और परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।