राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 54 हस्तियों को पद्म पुरस्कार से किया सम्मानित, पुरस्कार से सम्मानित होने वालों की सूची

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में जनरल बिपिन रावत (मरणोपरांत) और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद समेत 54 हस्तियों को पद्म पुरस्कार प्रदान किए। इनमें देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और गीताप्रेस के अध्यक्ष राधेश्याम खेमका को मरणोपरांत पद्म विभूषण सम्मान प्रदान किया गया। वहीं गुलाम नबी आजाद, टाटा संस के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन, पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक राजीव महर्षि, कोविड रोधी टीके ‘कोविशील्ड’ निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रमुख साइरस पूनावाला पद्म भूषण पुरस्कार पाने वाले आठ लोगों में शामिल हैं।
सीडीएस बिपिन रावत के साथ ही उत्तराखंड की चार हस्तियों के नाम पद्म पुरस्कारों की सूची में शामिल हैं। इनमें माधुरी बड़थ्वाल ने भी सोमवार को राष्ट्रपति के हाथ से पद्मश्री पुरस्कार पाया। डॉ माधुरी बर्थवाल ऑल इंडिया रेडियो, नजीबाबाद की एक सेवानिवृत्त संगीतकार और संगीत निर्देशक हैं ।उन्हें लोक संगीत और उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण और प्रचार के लिए पहचाना जाता है। उन्हें कला और संस्कृति के क्षेत्र में यह पुरस्कार दिया गया। सामाजिक कार्य के लिए बसंती बिष्ट और हॉकी खिलाड़ी बंदना कटारिया को पद्म श्री पुरस्कार के लिए चयनीत किया गया है। इस साल पद्म विभूषण के लिए चार, पद्म भूषण के लिए 17 और पद्मश्री के लिए 107 नामों को शामिल किया गया है।

इस वर्ष देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ के लिए किसी भी नाम की घोषणा नहीं की गई। यह पिछली बार 2019 में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, समाज सुधारक नानाजी देशमुख और प्रसिद्ध गायक भूपेन हजारिका को प्रदान किया गया था। जनरल रावत को दिया गया पुरस्कार उनकी बेटियों ने लिया, वहीं खेमका का पुरस्कार परिवार के एक करीबी सदस्य से ग्रहण किया। पद्म पुरस्कार पाने वालों में से कई ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं हैं, इनमें 125 वर्षीय योगाचार्य स्वामी शिवानंद भी शामिल हैं।
सफेद कुर्ता और धोती पहने, नंगे पैर शिवानंद जब पुरस्कार के लिए गए तो लोगों ने उनके सम्मान में तालियां बजाईं। इस दौरान शिवानंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने झुके तो प्रधानमंत्री तुरंत उठे और उनका अभिवादन स्वीकार किया। ये पुरस्कार कला, सामाजिक कार्य, लोक मामलों, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल आदि विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को प्रदान किए जाते हैं। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। इसके अलावा 13 लोगों को पद्म पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किये जा रहे है। इस संबंध में अगला समारोह 28 मार्च को होगा।
बता दें कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों का ऐलान कर दिया गया था। पद्म पुरस्कार पाने वालों में कुल 128 लोग शामिल हैं. इनमें चार को पद्म विभूषण, 17 को पद्म भूषण और 107 को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाना है। इस क्रम में सोमवार को सीडीएस जनरल बिपिन रावत को पद्म विभूषण (मरणोपरांत) से पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जनरल बिपिन रावत की बेटी कृतिका और तारिणी को उनका पुरस्कार दिया। बता दें कि जनरल रावत की पिछले साल हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत हो गई थी।
