पूर्णागिरि मेला : डॉ. तिवारी बनाए गए मेला मजिस्ट्रेट, कुमाऊं कमिश्नर ने जारी किए आदेश
टनकपुर/चम्पावत। उत्तर भारत के प्रसिद्ध श्री पूर्णागिरी मेला-2026 की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने एवं मेले के सफल संचालन को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण तैनाती की गई है। जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार द्वारा मेले के दृष्टिगत अतिरिक्त डिप्टी कलेक्टर उपलब्ध कराने के संबंध में किए गए अनुरोध को स्वीकार करते हुए, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मुनस्यारी के उपजिलाधिकारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत द्वारा जारी आदेशों के क्रम में ललित मोहन तिवारी, उपजिलाधिकारी मुनस्यारी को अग्रिम आदेशों तक पूर्णागिरी मेले के लिए ‘मेला मजिस्ट्रेट’ तैनात किया गया है। यह निर्णय मेले के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ के प्रबंधन, कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
आयुक्त दीपक रावत ने ललित मोहन तिवारी को निर्देशित किया है कि वह तत्काल मुनस्यारी से कार्यमुक्त होकर जिलाधिकारी कार्यालय चम्पावत में अपनी योगदान आख्या सुनिश्चित करें। नवनियुक्त मेला मजिस्ट्रेट ललित मोहन तिवारी मेले के सुरक्षित और सुगम आयोजन हेतु स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अपनी सेवाएं देंगे।

