देहरादून से पिथौरागढ़ जा रही रोडवेज बस ने रास्ते में दो बार दिया दगा, यात्रियों को करना पर दिक्कतों का सामना

चम्पावत। परिहवन निगम की बसें अक्सर रास्ते में खराब हो जा रही हैं। जिसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। देहरादून से यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ जा रही बस में खराबी आने से वह रास्ते में दो बार खड़ी हो गई। किसी तरह बस को चम्पावत लाया गया और फिर उसे ठीक कराकर पिथौरागढ़ भेजा गया। इसके चलते यात्री करीब ढाई घंटे तक परेशान रहे और देरी से घरों पर पहुंचे।
मंगलवार की सुबह देहरादून से पिथौरागढ़ जा रही बस यूकेए7पी/ 4267 अमोड़ी में खराब हो गई थी। चलते-चलते सड़क पर बस बंद होने से यात्री सकते में आ गए। चालक ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद बस ठीक की। इसके बाद बस यात्रियों को लेकर रवाना हुई और स्वाला में खराबी आने से बस के पहिए थम गए। करीब डेढ़ घंटे बाद बस की खराबी दूर हुई और चालक ने किसी तरह उसे रोडवेज स्टेशन चम्पावत तक पहुंचाया गया।

यहां पर बस की खराबी ठीक करने में करीब आधे घंटे का समय लग गया। इसके बाद बस यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि रोडवेज की बसें आए दिन खराब होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली पर्व पर बसों को ठीक रखने की जरूरत है। कहा कि दिवाली पर लोग अक्सर रोडवेज की बसों में सफर करना पसंद करते हैं, लेकिन खराब बसें उनकी मुश्किलें बढ़ा रही हैं। निगम को नई बसें उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पिथौरागढ़ डिपो के एआरएम रविशेखर कापड़ी ने कहा है कि खराब बसों को ठीक करने के लिए कर्मी भेज दिए गए हैं। मंगलवार को भी पिथौरागढ़ डिपो की दूसरी बस भी सुबह अमोड़ी के पास खराब हो गई थी। इसके बाद उसे बस के 20 से अधिक यात्रियों को ट्रांसफर को दूसरी बस से लाया गया था।