रोहित नेगी हत्याकांड: मंगलौर बॉर्डर पर मुख्य आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़, दोनों के पैरों में लगी गोली
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्टोन क्रशर मालिक व भाजपा नेता रोहित नेगी हत्याकांड के मुख्य आरोपियों के साथ देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुजफ्फरनगर मंगलौर बॉर्डर पर आरोपियों को देखा तो पुलिस ने पीछा किया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। गंभीर रूप से घायल दोनों आरोपियों को अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई संभावित ठिकानों पर छापा मारा था। आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित की गई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी बीच देर रात मोहम्मद अजहर त्यागी पुत्र अब्दुल रब निवासी प्रधान पट्टी बरला थाना पुरकाजी जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश और आयुष कुमार उर्फ सिकंदर पुत्र विजय कुमार निवासी मालैन्डी शामली उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर देखे गए। आरोपियों के भागने पर फायरिंग में दोनों को गोली लगी।

मंगलवार तड़के प्रेमनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि मांडूवाला के पीपल चौक पर एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को उसके साथी ग्राफिक ऐरा अस्पताल ले गए हैं। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मालूम हुआ कि घायल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रोहित नेगी के रूप में हुई। नेगी के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि रोहित नेगी के साथ पांच-छह दोस्त पार्टी कर रहे थे। इनमें एक युवती भी शामिल थी। युवती रोहित नेगी के दोस्त की मित्र है। इसी बीच युवती के फोन पर अजहर मलिक का फोन आया। वह उससे झगड़़ा करने लगी। रोहित नेगी ने दोनों की बातें सुनी तो पता चला कि वह अजहर युवती को गंदी गंदी गालियां दे रहा था। इस पर नेगी को भी गुस्सा आया और वह भी अजहर के साथ झगड़ने लगा। जैसे तैसे सभी ने एक दूसरे को समझा बुझाकर शांत किया। कुछ देर बाद सभी वहां से रोहित नेगी की कार में अपने अपने घर की ओर चल दिए। यहां पहले से ही अजहर अपने एक दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर खड़ा हुआ था। रोहित ने जैसे ही कार रोकी तो अजहर ने कार के सामने शीशे से सटाकर गोली मार दी। यह गोली रोहित के गले में जाकर लगी।
दोनों आरोपियों के घायल होने पर एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया और उनका इलाज चल रहा है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही एक समुदाय विशेष से संबंधित होने के कारण बॉर्डर को अलर्ट किया गया था। पुलिस द्वारा घटना के संबध में अग्रिम कार्रवाई जारी है। उत्तराखंड में इस तरह की आपराधिक घटना करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। – अजय सिंह, एसएसपी
घटना से लोगों में आक्रोश…
मृतक के दोस्त की तहरीर के आधार पर अजहर त्यागी और आयुष के खिलाफ हत्या का मुकदमा थाना प्रेमनगर में दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय लोगों ने काफी आक्रोश था। सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के साथ मुलाकात की थी। जिसके बाद दून पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबाव पड़ रहा था।
गुंडागर्दी से परेशान युवती…
जानकारी के अनुसार अजहर त्यागी 5 साल पहले देहरादून पढ़ने के लिए आया था। इसी दौरान उसकी दोस्ती मेरठ निवासी एक युवती से हुई, जो की प्रेम नगर स्थित एक कॉलेज से फिजियोथैरेपी का कोर्स कर रही थी। अजय की गुंडागर्दी से परेशान युवती ने उससे किनारा कर लिया और 8 महीने पहले उसकी दोस्ती रोहित नेगी के साथ हो गई। अजहर त्यागी युवती को फोन कर धमकाने लगा और पीछा करने लगा। घटना वाली रात भी अजहर त्यागी ने युवती को फोन करके धमकाना शुरू कर दिया था, जिस वक्त वो रोहित और उसके दोस्तों के साथ थी।
