उत्तराखण्डखेलनवीनतमपिथौरागढ़

उज्बेकिस्तान में बॉक्सिंग प्रतियोगिता में समीर बोहरा दिखाएंगे पंच का दम, दीपशिखा खेलेंगी बैडमिंटन की राष्ट्रीय प्रतियोगिता

ख़बर शेयर करें -

समीर बोहरा का अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 टीम में चयन हुआ है, वहीं दीपशिखा का अंडर-17 राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के समीर बोहरा का चयन उज्बेकिस्तान में आयोजित होने वाली अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में प्रतिभाग करने वाली भारतीय टीम में हुआ है। समीर बोहरा पिथौरागढ़ के हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में बॉक्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। 1 से 16 मई तक आयोजित होने वाली इस चैंपियनशिप में समीर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में समीर बोहरा से लोगों को काफी उम्मीदें हैं।

Ad Ad

4 से 11 अप्रैल 2026 तक पटियाला, पंजाब में आयोजित चयन ट्रायल्स में समीर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर समीर का चयन भारतीय टीम में हुआ है। समीर बोहरा ने इससे पहले भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते हैं। समीर बोहरा वर्तमान में हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ में कक्षा-9 में अध्ययनरत हैं और प्रशिक्षक रविंद्र सिंह एवं देशरत्न बोहरा से बॉक्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अंडर-15 एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप 2026 में समीर से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

इस प्रतियोगिता को लेकर स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य, जिला क्रीड़ा अधिकारी समेत जिला बॉक्सिंग एशोसिएशन ने समीर को शुभकामनाएं दी हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में इससे पूर्व हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ कॉलेज के खिलाड़ी आदित्य भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। बॉक्सिंग खिलाड़ी आदित्य महरा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर स्वर्ण पदक प्राप्त कर चुके हैं।

दीपशिखा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन…

बेरीनाग के हिमालय इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा दीपशिखा कार्की ने अपने उत्कृष्ट खेल से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन अंडर 17 राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जिसमें वह उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रतियोगिता 16 अप्रैल से 22 अप्रैल तक दिल्ली में आयोजित की जाएगी। दीपशिखा की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दीपशिखा के चयन पर मुख्य शिक्षा अधिकारी तरूण पंत, खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार, एसडीएम खुशबू पांडे, प्रधानाचार्य देवबाला बिष्ट, प्रबंधक प्रकाश कार्की, संरक्षक सीएस कार्की,उप प्रधानाचार्य भूपेंद्र पपोला, भास्कर पंत, मंजू कार्की, यति रौतेला, कमलेश जोशी समेत आदि ने खुशी जताई है।

Ad Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड