कंटेनर की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, एक गंभीर घायल
हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी
रुद्रपुर। काशीपुर हाईवे पर स्थित महतोष मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में स्कूटी चला रहे विकास बाल्मीकि (उम्र 26 वर्ष), निवासी बाल्मीकि मोहल्ला, स्वार थाना, की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बैठे रजत बाल्मीकि (उम्र 27 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 2, अंबेडकर पार्क, गदरपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक विकास दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से घायल रजत को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। गदरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर गहरा रोष जताया है। उनका कहना है कि काशीपुर हाईवे पर आए दिन तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएं और ओवरस्पीड पर लगाम लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।

