देहरादून में स्कूटी सवार युवकों ने वरिष्ठ पत्रकार से की मारपीट, 3 आरोपियों पर मुकदमा
देहरादून। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र के अंतर्गत एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर वरिष्ठ पत्रकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने पहले ओवरटेक कर पत्रकार को रोका और फिर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार पीड़ित वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट, निवासी शांति विहार, हरिद्वार बाईपास रोड ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वह अपने कार्यालय से घर जा रहे थे। इसी दौरान एमकेपी चौक से आगे रेसकोर्स रोड पर स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोका और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की।

हमले के बाद आरोपी युवक धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल पत्रकार को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कोतवाली डालनवाला प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

