लोहाघाट के ऋषेश्वर महादेव मंदिर में भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिनी श्रीमद् भागवत कथा का हुआ शुभारंभ
लोहाघाट/चम्पावत। नगर के प्रसिद्ध ऋषेश्वर महादेव मंदिर में आज रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिनी श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। मुख्य संयोजक शिक्षा विद नाथूराम राय के दिशा निर्देश में हो रहे आयोजन में सुबह पंडित प्रकाश पुनेठा के द्वारा नवग्रह पूजन व पूजा अनुष्ठान संपन्न कराए गए। पूजा में मुख्य यजमान सुरेंद्र सिंह ढेक सपत्निक बैठे।

पूजा अर्चना संपन्न होने के बाद कलश यात्रा का ऋषेश्वर मंदिर से शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा स्टेशन बाजार से मीना बाजार से हथरंगिया, सर्वोदय मंदिर, हनुमान मंदिर, शीतला माता मंदिर होते हुए वापस ऋषेश्वर मंदिर पहुंची। कलश यात्रा में कुमाऊंनी परिधानों में सजी-धजी महिलाएं व भक्त भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। दोपहर 2:30 बजे से व्यास श्री शिव भवन त्रिपाठी ने भक्तों को श्रीमद् भागवत कथा सुनाई। कथा के मुख्य संयोजक शिक्षा विद नाथूराम राय ने बताया 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 55वे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। राय ने बताया कथा में समस्त क्षेत्र की जनता, पुजारी व महंतों के द्वारा सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने समस्त क्षेत्र की जनता से भागवत कथा में अधिक से अधिक संख्या में आकर भागवत कथा को सफल बनाने की अपील की है।
कलश यात्रा में पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सतीश चंद्र पांडे, गोविंद बोहरा, राजू गड़कोटी, दीवान पुजारी, अनिल जोशी, रंजीत अधिकारी, नवीन नाथ, टीका देव खर्कवाल, दीप राय, सचिन जोशी, भैरव दत्त राय, चंद्रशेखर बगौली, कैलाश मेहता, कमल राय, हेमंत राय, मंटू राय सहित कई लोग व महिलाएं मौजूद रहीं।

