रुद्रपुर में मकान की पहली मंजिल से गिरा सिडकुल कर्मी, मौत
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में सिडकुल कर्मी संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की पहली मंजिल से नीचे गिर गया। आनन-फानन में परिजन घायल को जिला अस्पताल लेकर गए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूल निवासी ग्राम काफल किरोल मुक्तेश्वर नैनीताल हाल जगतपुरा निवासी अनिल पुत्र प्रेमचंद अपने परिवार के साथ किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता था। सोमवार देर रात अनिल अचानक किराये के मकान की पहली मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया और उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। तब तक देर हो चुकी थी। इधर, सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान पूछताछ में मृतक के बड़े भाई दीपक ने बताया कि अनिल मानसिक रूप से परेशान रहता था और उसका इलाज भी चल रहा था। वहीं एसआई प्रकाश चंद्र अनिल के घर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

