बनबसा : नशीले इंजेक्शनों के साथ तस्कर गिरफ्तार, बरामद हुए 43 नशीले इंजेक्शन
बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” संकल्प को साकार करने के लिए चम्पावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टनकपुर की क्षेत्राधिकारी निहारिका सेनवाल के पर्यवेक्षण और एसओजी प्रभारी कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बनबसा क्षेत्र के रेलवे स्टेशन रोड पर चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखा, जिसे रोककर तलाशी लेने पर उसके पास से 43 अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। बरामद खेप में 23 एनआरएक्स ब्यूप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन और 20 आरएक्स प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन शामिल थे। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही डिस्कवर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 32 वर्षीय रवि सिंह भाट के रूप में हुई है, जो नेपाल के महेंद्रनगर (कंचनपुर) के भीमदत्त पालिका वार्ड नंबर 18, ग्राम गोवरिया ओडा का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक निर्मल सिंह लटवाल, अतिरिक्त उपनिरीक्षक गणेश सिंह बिष्ट, कांस्टेबल कुलदीप सिंह और कांस्टेबल विक्रम सिंह शामिल रहे। चम्पावत पुलिस का कहना है कि नशे के इस नेटवर्क को तोड़ने और देवभूमि को नशामुक्त बनाने के लिए तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।

