राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चम्पावत में बच्चों के लिए लगाया गया विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के समग्र विकास को लेकर जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश

चम्पावत। बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगरपालिका परिसर स्थित रैन बसेरा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों के लिए निःशुल्क मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने किया। शिविर का उद्देश्य बच्चों की प्रारम्भिक अवस्था में स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर समयबद्ध उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
शिविर में बच्चों की समग्र स्वास्थ्य जांच हेतु विभिन्न विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनमें बाल रोग, हड्डी एवं जोड़ रोग, नाक-कान-गला, मस्तिष्क रोग, नेत्र रोग एवं ऑप्टोमेट्रिस्ट, स्त्री रोग, हृदय रोग, दंत रोग, त्वचा रोग, जनरल फिजिशियन के साथ-साथ फिजियोथेरेपी, स्पीच थेरेपी, ऑडियोलॉजी, मनोचिकित्सा एवं क्लीनिकल साइकोलॉजी जैसी सेवाएं शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त अर्ली इंटरवेंशन एवं विशेष शिक्षा परामर्शदाताओं द्वारा भी बच्चों एवं अभिभावकों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान ही पात्र बच्चों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार किए गए, जिससे अभिभावकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिल सके। शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि DDRC के अंतर्गत जनपद के समस्त विद्यालयों में रोस्टर तैयार कर विशेष रूप से सक्षम (Specially Abled) बच्चों की पहचान की जाए तथा उन्हें नियमित थैरेपी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि डाइट शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि पोषण, व्यवहारिक विकास एवं प्रारम्भिक पहचान के माध्यम से बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सके।

शिविर का लाभ कुल 443 लोगों ने उठाया। जिनमें 0–18 वर्ष आयु वर्ग के 366 व 19 वर्ष से अधिक के 77 मरीज शामिल रहे। शिविर में 39 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि मानसिक रूप से ग्रसित बच्चों के 27 प्रमाण पत्र तथा अन्य बीमारियों से संबंधित 12 प्रमाण पत्र बनाए गए। शिविर में दन्त रोग के 51, बाल रोग के 92, हृदय रोग के 19 (अन्य 9), अस्थि रोग के 35, नेत्र रोग के 57, स्त्री रोग के 48, मानसिक रोग के 39, नाक-कान-गला रोग के 62 मरीज पहुंचे। जनरल फिजिशियन के 66 का उपचार किया। 38 का एनसीडी परीक्षण व 42 की टीबी जांच हुई। जिला समाज कल्याण विभाग के माध्यम से एक लाभार्थी को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, राजेंद्र गहतोड़ी सहित सुशीला तिवारी हॉस्पिटल से मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. युवराज पंत, चंदन हॉस्पिटल से हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, राजेंद्र गहतोड़ी, सुंदर सिंह बोहरा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


