बनबसा : प्रतिबंधित 118 इंजेक्शन के साथ एसएसबी ने तस्कर दबोचा
बनबसा/चम्पावत। एसएसबी ने 18 फरवरी की रात एक नेपाली तस्कर को प्रतिबंधित 118 इंजेक्शन के साथ दबोचा है। एसएसबी ने आरोपी को मय इंजेक्शन बनबसा थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। एसएसबी 57वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट दीपक सिंह जायडा ने बताया कि बीते बुधवार की रात धनुष पुल स्थित एसएसबी चौकी बंगाली बस्ती के एएसआई अरुण, एचसी सोहन लाल, कांस्टेबल मोहित, अशोक और अभिषेक पेट्रोलिंग पर थे। इसी बीच एक व्यक्ति केनाल काॅलोनी की ओर से आता दिखाई दिया। घात लगाए एसएसबी जवानों ने नजदीक आने पर उसे दबोच लिया।
तलाशी में उसके पास से प्रतिबंधित 118 इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम घनश्याम (35) महेंद्रनगर, जिला कंचनपुर (नेपाल) बताया। उसने बताया कि नशीले इंजेक्शन भारत से खरीदकर नेपाल बेचने के लिए ले जा रहा था। एसएसबी ने जरूरी कार्रवाई के बाद आरोपी को इंजेक्शन समेत बनबसा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

