अतिथि शिक्षिका की संदिग्ध मौत, कमरे में मिली लाश से मचा हड़कंप
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिजनों ने शिक्षिका मीरा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। मोरी ब्लॉक में एक अतिथि शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मोरी के राइका नैटवाड़ में तैनात शिक्षिका मीरा अपने कमरे में मृत पाई गईं, जिससे स्थानीय लोगों और शिक्षकों के बीच चिंता का माहौल बन गया है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिजनों ने शिक्षिका मीरा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला। लगातार संपर्क न हो पाने पर परिवार ने स्कूल प्रशासन से बात की, जिसके बाद स्थिति की गंभीरता सामने आई। बताया गया है कि मीरा मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के ही पुरोला तहसील क्षेत्र के सुनाली गांव की रहने वाली थी और वर्तमान में राजकीय इंटर कॉलेज नैटवाड़ में सामाजिक विज्ञान विषय की शिक्षिका के रूप में बतौर गेस्ट टीचर तैनात थी। बताया गया है कि विद्यालय के प्रधानाचार्य जगवीर सिंह राणा के निर्देश पर स्टाफ जब शिक्षिका के कमरे तक पहुंचा तो वह अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
शिक्षिका को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं, जिससे मामला और भी संवेदनशील बन गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नौगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में फिलहाल किसी भी तरह की आशंका से इनकार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

