टनकपुर # अराजक तत्वों ने नेहरू पार्क में की तोड़फोड़, ईओ ने तहरीर सौंपी


टनकपुर। नगरपालिका के नेहरू पार्क में कुछ दिन पूर्व अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ की थी। साथ ही विरोध करने पर कर्मचारियों से बदसलूकी भी की गई है। पालिका के ईओ ने मामले को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है। वार्ड-8 के पास बने नेहरू पार्क में गत 28 जनवरी को कुछ असामाजिक तत्वों ने उत्पात मचा दिया था। पार्क की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो अराजक तत्वों ने उनसे अभद्रता करनी शुरू कर दी। इसके बाद अराजक तत्वों ने पार्क में लगे बोर्ड और हाल ही में आकर्षण के लिए बनाए गए बिजली और रेडियम के बोर्ड में तोड़फोड़ कर दी। पालिका के अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि अराजक तत्वों ने पार्क में हजारों का नुकसान किया है। पुलिस को मामले में तहरीर दी गई है। बताया कि तोड़फोड़ करने वाले लोग नशे में धुत थे। वहीं इस कृत्य की पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह रावत समेत तमाम लोगों ने कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि इसकी जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

