टनकपुर : खराब निकला पेट्रोल पंप का सीसीटीवी कैमरा, नहीं हो सकी असामाजिक तत्वों की पहचान, पुलिस तलाश में जुटी
टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत कार्बेट सरस मेले के दौरान शुक्रवार की रात एक पेट्रोल पंप पर खड़े वाहनों के टायर पंचर किए जाने के मामले का डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए। पेट्रोल पंप का सीसीटीवी खराब होने के चलते असामाजिक तत्वों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। बताया गया है कि रात में ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर प्रभावित लोगों की सहायता की। वहीं पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक को सीसीटीवी तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए। वहीं कहा गया है कि घटना को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष एवं त्वरित जांच के निर्देश दिए। उनके स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए मौके की जांच की। जांच के दौरान पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्ड डिस्क महीनों से खराब पाई गई, जिसके कारण रात की घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी।

पुलिस की सख्त कार्यवाही के चलते पेट्रोल पम्प स्वामी ने तुरंत तकनीशियन को बुलाकर सीसीटीवी कैमरों एवं हार्ड डिस्क की मरम्मत करवाई, जिससे भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की निगरानी सुनिश्चित की जा सके। डीएम के निर्देश के बाद टनकपुर कोतवाल तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर पेट्रोल पंप प्रबंधन द्वारा पंचर किए गए वाहनों के टायरों में तत्काल दोबारा हवा भरवाई गई और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित घर पहुंचने की व्यवस्था कराई गई। उल्लेखनीय है कि टायरों की हवा निकाली गई थी, जिसे मौके पर ही भरवाकर समस्या का त्वरित समाधान किया गया।
अगली सुबह टनकपुर कोतवाली में प्रभावितों एवं पेट्रोल पंप स्वामी को बुलाकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन की संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यशैली से प्रभावित लोग संतुष्ट दिखाई दिए तथा किसी प्रकार की औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।
पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि देर रात वाहनों की हवा निकालने वाले अज्ञात शरारती तत्वों की तलाश जारी है। साथ ही, सरस मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि भविष्य में आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी मनीष कुमार के त्वरित निर्णय, संवेदनशील नेतृत्व और पुलिस प्रशासन की सक्रिय कार्यप्रणाली ने यह संदेश दिया है कि टनकपुर प्रशासन जनहित के प्रति सजग, प्रतिबद्ध और उत्तरदायी है।

