टनकपुर : अस्थाई दुकानें लगाने वाले व्यापारियों ने किया एनएचपीसी के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान
सामाजिक कार्यकर्ता दीप पाठक के कार्यालय में पीड़ित दुकानदारों ने की बैठक, 13 मार्च को न्याय नहीं मिलने पर अनशन करने का ऐलान
टनकपुर/चम्पावत। पूर्णागिरि मेले के दौरान शारदा बैराज के समीप अस्थाई दुकानें लगाने वाले व्यापारियों ने एनएचपीसी के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से बार-बार मिल रहे आश्वासनों पर भी गहरी नाराजगी जताई है।
सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक के कार्यालय में हुई बैठक में दुकानदारों ने कहा कि उनके द्वारा पिछले कई दिनों से मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी दुकानों के संबंध में न्याय की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिल रहा है। आज पुनः मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि 13 मार्च को महाप्रबंधक के टनकपुर आने के बाद दुकानदारों के विषय में वार्ता कर समाधान निकालने और दुकानें लगवाने का प्रयास किया जाएगा।
इस आश्वासन को ध्यान में रखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तहसील परिसर में प्रस्तावित क्रमिक अनशन को फिलहाल 13 मार्च तक प्रतीक्षा करते हुए स्थगित रखा जाएगा। यह निर्णय ममता गंगवार, लीलावती, सीमा, प्रियंका, हरिओम गुप्ता, सोनू, लक्ष्मण आदि के सामूहिक नेतृत्व में लिया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक ने कहा कि “मैं आप सभी पीड़ित दुकानदारों के हर संघर्ष में आपके साथ खड़ा हूं और दुकानों के न्यायपूर्ण समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करता रहूंगा।”
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि 13 मार्च तक दुकानदारों के हित में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो सभी पीड़ित दुकानदार पुनः आंदोलन की राह अपनाने के लिए बाध्य होंगे और आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदारी एनएसपीसी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर पूनम देवी, हरिओम गुप्ता, वेदप्रकाश, सावित्री देवी, नैना, नीलम, शकुंतला, गीता, सुमन, दिनेश, चम्पा, रिंकू, पूनम सहित तमाम व्यापारी मौजूद रहे।

